‘भाग सकते हो, छिप नहीं सकते…’ लश्कर कमांडर लतीफ भट ढेर, आतंकियों को जम्मू-कश्मीर पुलिस की दो टूक चेतावनी
CENTRAL NEWS DESK: जम्मू-कश्मीर में आतंक के खिलाफ सुरक्षाबलों का एक्शन लगातार जारी है। कुलगाम में बुधवार को सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर और मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ अहमद भट को मुठभेड़ में मार गिराया। इस ऑपरेशन के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकियों को सीधे शब्दों में चेतावनी दी है। पुलिस ने एक्स पर लिखा, ‘तुम भाग तो सकते हो, लेकिन छिप नहीं सकते।’ पुलिस का यह मैसेज अब आतंकियों के लिए साफ अलर्ट माना जा रहा है।
मस्जिद में छिपा आतंकी, सरेंडर से किया इनकार
जानकारी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षाबलों को कुलगाम में लतीफ भट की मौजूदगी की पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। सुरक्षाबलों ने आतंकी को चारों तरफ से घेर लिया। खुद को घिरता देख लतीफ एक मस्जिद के अंदर जा छिपा।
सुरक्षाबलों ने उसे कई बार आत्मसमर्पण करने का मौका दिया, लेकिन उसने सरेंडर करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद उसने जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने उसे ढेर कर दिया। मुठभेड़ स्थल से आतंकी का शव और एक हथियार भी बरामद किया गया।
मस्जिद को बचाने के लिए सुरक्षाबलों ने दिखाई सूझबूझ
इस ऑपरेशन की सबसे अहम बात यह रही कि मस्जिद को नुकसान से बचाने के लिए सुरक्षाबलों ने खास सावधानी बरती। कुलगाम के एसएसपी अनायत अली चौधरी ने बताया कि ऑपरेशन पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू किया गया था।
उन्होंने कहा कि सुरक्षाबलों ने स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) का सख्ती से पालन किया। जवानों ने धैर्य और रणनीति के साथ कार्रवाई की, ताकि मस्जिद को कम से कम नुकसान पहुंचे। ऑपरेशन का मकसद आतंकी को बाहर निकालना या बिना किसी अनावश्यक नुकसान के उसे बेअसर करना था।
सीआरपीएफ जवानों पर हमले से पहले हुई थी रेकी
इस कार्रवाई से पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक अन्य आतंकी उमर निसार डार को लेकर भी अहम जानकारी साझा की थी। पुलिस के मुताबिक, सोमवार को मुठभेड़ में मारा गया उमर निसार डार, 10 नवंबर को लश्कर कमांडर लतीफ भट के साथ मिलकर कई स्थानों की रेकी कर चुका था।
बताया गया कि सीआरपीएफ जवानों पर हमले से पहले दोनों ने इलाके की गतिविधियों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई थी। पुलिस ने इस मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी जारी किए थे।
आतंकियों के लिए पुलिस का साफ मैसेज
लतीफ भट के मारे जाने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस का संदेश काफी साफ है। सुरक्षाबलों को चकमा देकर भागने या किसी ठिकाने में छिपने से आतंकियों को सुरक्षा नहीं मिलने वाली। पुलिस की चेतावनी ‘भाग सकते हो, छिप नहीं सकते’ अब इस पूरे ऑपरेशन का सबसे बड़ा संदेश बन गई है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
