उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती महिलाओं ने पूरा किया छठ व्रत, चंद्रशेखर आजाद पार्क में उमड़ा आस्था का सैलाब

0
WhatsApp Image 2026-11-15 at 5.12.24 PM (2)

CENTRAL NEWS DESK: छठी मैया के जयकारों और सूर्य उपासना के साथ उन्नाव के आवास विकास स्थित चंद्रशेखर आजाद पार्क में छठ महापर्व का भव्य समापन हुआ। सोमवार सुबह सूर्य की पहली किरण के साथ व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित कर अपना व्रत पूरा किया। इस दौरान महिलाओं ने छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। पार्क में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली और पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में नजर आया।

आस्था के साथ उत्साह, आकर्षक लाइटिंग से जगमगाया पार्क

छठ महापर्व को लेकर चंद्रशेखर आजाद पार्क को आकर्षक लाइटिंग और झालरों से सजाया गया था। व्रती महिलाओं की सुविधा के लिए चेंजिंग केबिन बनाए गए थे, वहीं सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। बच्चों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने आयोजन की रौनक बढ़ाई। सभी श्रद्धालुओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

बिहार नहीं जा पाए, लेकिन यहां की व्यवस्था देखकर खुश हैं श्रद्धालु

पूजा में शामिल एक महिला श्रद्धालु ने बताया कि इस बार वह छठ पूजा के लिए बिहार नहीं जा पाईं, लेकिन चंद्रशेखर आजाद पार्क में इतनी अच्छी व्यवस्था देखकर बेहद प्रसन्न हैं। उन्होंने कहा कि यहां का माहौल और सुविधाएं देखकर बहुत अच्छा लग रहा है। स्थानीय स्तर पर इतनी बेहतर व्यवस्था होने से परिवार के साथ छठ महापर्व मनाने का अवसर मिला है।

विधायक पंकज गुप्ता और नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा भी पहुंचे

छठ पूजा के इस आयोजन में उन्नाव सदर विधायक पंकज गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा और आवास विकास बी-ब्लॉक के सभासद अशोक कुमार उर्फ मुन्ना सिंह उपस्थित रहे। सभासद की देखरेख में कार्यक्रम की व्यवस्थाएं पूरी कराई गईं। उषा अर्घ्य के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का श्रद्धा और उल्लास के साथ समापन हुआ।

छोटे से गड्ढे से हुई शुरुआत, 13 वर्षों में बना भव्य आयोजन

द हेडलाइंस टुडे मीडिया के रिपोर्टर अवनीश मिश्रा से बातचीत में सभासद अशोक कुमार मुन्ना सिंह ने बताया कि चंद्रशेखर आजाद पार्क में करीब 13 वर्षों से छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बिहार के किशनगंज के पैतृक निवासी मुकेश की माताजी ने सबसे पहले एक छोटे से गड्ढे में छठ पूजा की शुरुआत की थी। जब उन्हें इस पूजा के महत्व और महात्म्य के बारे में जानकारी हुई तो उन्होंने पार्क की साफ-सफाई कराकर छठी मैया की पूजा के लिए तालाब बनवाने की व्यवस्था कराई। उन्होंने बताया कि वह पिछले 25 वर्षों से आवास विकास की जनता की सेवा में तत्परता से लगे हुए हैं। मुन्ना सिंह ने कहा कि आज इस आयोजन में इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी और लोगों का उत्साह देखकर वह बेहद प्रसन्न हैं। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि इस आयोजन को सफल बनाने में मोहल्ले के लोगों का बहुत बड़ा योगदान है। यह किसी एक व्यक्ति के प्रयास से संभव नहीं था, बल्कि क्षेत्रवासियों के सामूहिक सहयोग से ही आज यह आयोजन इतना भव्य स्वरूप ले पाया है। उन्होंने आगे भी आवास विकास की जनता के लिए इसी तरह समर्पित भाव से कार्य करते रहने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed