खाने में गड़बड़ी मिली तो चुप न रहें, FSSAI के इस ऐप से सीधे करें शिकायत

0
images (59)

CENTRAL NEWS DESK : ढाबे, होटल या रेस्टोरेंट में परोसे जा रहे खाने की गुणवत्ता को लेकर अगर आपको कोई शिकायत है, तो अब इसकी जानकारी सीधे FSSAI तक पहुंचाई जा सकती है। खाने में दुर्गंध, गंदगी, गलत लेबलिंग या खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी जैसी शिकायतें Food Safety Connect ऐप के जरिए दर्ज की जा सकती हैं।

खाने की फोटो के साथ दर्ज करें शिकायत

यदि किसी खाद्य पदार्थ में गड़बड़ी नजर आती है, तो उपभोक्ता उसकी फोटो खींचकर ऐप पर अपलोड कर सकता है। शिकायत के साथ खाद्य पदार्थ का ब्रांड, निर्माता कंपनी, संबंधित स्थान और उपलब्ध होने पर FSSAI लाइसेंस नंबर जैसी जानकारी भी देनी होती है। FSSAI के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद उसे संबंधित राज्य के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को कार्रवाई के लिए भेजा जा सकता है।

रेस्टोरेंट की गंदगी की भी कर सकते हैं शिकायत

सिर्फ पैकेज्ड फूड ही नहीं, बल्कि किसी होटल, ढाबे या रेस्टोरेंट की रसोई में साफ-सफाई की कमी, खाने की गुणवत्ता या अन्य खाद्य सुरक्षा संबंधी समस्या होने पर भी शिकायत दर्ज की जा सकती है। FSSAI ने उपभोक्ताओं से खाद्य सुरक्षा व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है। प्राधिकरण का कहना है कि सुरक्षित भोजन सुनिश्चित करने में जागरूक उपभोक्ता अहम भूमिका निभा सकते हैं।

पांच साल पुराना है Food Safety Connect ऐप

Food Safety Connect ऐप को शुरुआत में छोटे खाद्य कारोबारियों के लिए FSSAI रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस प्रक्रिया आसान बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया था। बाद में इसमें उपभोक्ता शिकायत दर्ज करने की सुविधा भी जोड़ी गई। इस ऐप के जरिए लाइसेंसिंग, अनुपालन और खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों की जानकारी भी हासिल की जा सकती है।

शिकायत करते समय इन बातों का रखें ध्यान

  • खराब या संदिग्ध खाने की स्पष्ट फोटो लें।
  • खाद्य पदार्थ का नाम और ब्रांड दर्ज करें।
  • निर्माता या विक्रेता की जानकारी उपलब्ध हो तो दें।
  • रेस्टोरेंट/ढाबे का सही स्थान बताएं।
  • पैकेज पर लिखा FSSAI लाइसेंस नंबर उपलब्ध हो तो दर्ज करें।
  • शिकायत में समस्या को स्पष्ट रूप से लिखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *