उन्नाव में भीषण सड़क हादसा: डंपर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार बस, चालक की मौत, 21 घायल

0
Screenshot 2026-08-30 221633

CENTRAL NEWS DESK: अजगैन थाना क्षेत्र में रविवार तड़के करीब तीन बजे लखनऊ-कानपुर हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नवाबगंज टोल प्लाजा के पास ढाबे के सामने सड़क पर अचानक रुके डंपर में बस्ती डिपो की तेज रफ्तार बस पीछे से जा टकराई। हादसे में बस चालक की मौत हो गई, जबकि 21 यात्री घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई गई है।

जानकारी के मुताबिक, बस्ती जिले से 49 यात्रियों को लेकर बस कानपुर की ओर जा रही थी। बताया गया कि बस करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। नवाबगंज टोल प्लाजा के पास आगे चल रहे डंपर के चालक ने अचानक ब्रेक लगाकर उसे ढाबे के सामने सड़क पर खड़ा कर दिया। इसी दौरान बस चालक देवी प्रसाद बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस डंपर में पीछे से जा घुसी।

टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय अधिकांश यात्री नींद में थे। जोरदार टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। ढाबा कर्मियों की सूचना पर पुलिस करीब 20 मिनट बाद मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

एक घंटे की मशक्कत के बाद चालक को निकाला

बस चालक 35 वर्षीय देवी प्रसाद, निवासी विक्रमज्योति, थाना परशुरामपुर, जिला बस्ती, टक्कर के बाद स्टीयरिंग में बुरी तरह फंस गया था। पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और सीएचसी नवाबगंज पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बस में सवार यात्री दिनेश कुमार के मुताबिक, चालक काफी तेज गति से बस चला रहा था। यात्रियों ने उसे कई बार रफ्तार कम करने के लिए टोका, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया। इसके कुछ ही देर बाद बस हादसे का शिकार हो गई।

प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस और डंपर को हाईवे से हटवाकर यातायात सामान्य करा दिया गया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी नवाबगंज ले जाया गया। उपचार के बाद यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रक्षाबंधन मनाकर घर लौट रही थीं 30 महिलाएं

बस कंडक्टर सुनील कुमार ने बताया कि चालक को झपकी न आए, इसलिए हादसे से करीब पांच मिनट पहले उसे पान-मसाला खाने के लिए दिया गया था। इसी दौरान आगे चल रहे डंपर के चालक ने अचानक स्टीयरिंग मोड़कर ढाबे के सामने डंपर रोक दिया, जिससे बस पीछे से उसमें जा घुसी।

कंडक्टर के अनुसार, बस में करीब 30 महिला यात्री थीं, जो रक्षाबंधन का त्योहार मनाकर अपने घर लौट रही थीं। इन यात्रियों की टिकट निशुल्क बनी थी।

इन 21 यात्रियों के घायल होने की जानकारी

घायलों में सुनील कुमार, ब्रजलता, दो वर्षीय अनन्या, वैष्णवी गौतम, रानी, सोनम, अमृतराज, अश्वनी कुमार, नसीब उल्ला, विशाल पांडेय, सुरेंद्र पांडेय, बाल मुकुंद मिश्र, रामचेत सिंह, सुमित्रा, कलावती, दिनेश, पंकज, अरविंद कुमार गुप्ता, कृष्णानंद पांडेय, हरीशचंद्र और राशिद शामिल हैं।

प्राथमिक उपचार के बाद राशिद, हरीशचंद्र और दिनेश को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। हादसे के दौरान हाईवे पर करीब 45 मिनट तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस द्वारा वाहनों को हटाए जाने के बाद यातायात सामान्य हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *