गुजरात: भरूच की केमिकल फैक्ट्री में जोरदार धमाका, 7 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी आवाज
CENTRAL NEWS DESK: गुजरात के भरूच जिले के दहेज GIDC क्षेत्र में सोमवार को एक केमिकल फैक्ट्री में जोरदार धमाके के बाद भीषण आग लग गई। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब 7 किलोमीटर दूर तक सुनाई देने की बात सामने आई है। घटना के बाद आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा विजन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट में हुआ। शुरुआती जानकारी में आशंका जताई जा रही है कि फैक्ट्री परिसर में रखे सॉल्वेंट के ड्रमों में अचानक विस्फोट हुआ। इसके बाद आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और पूरा प्लांट धुएं और आग की लपटों से घिर गया।
घटना के बाद आसमान में काले धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया। सूचना मिलते ही दहेज और आसपास के क्षेत्रों से 7 से अधिक दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए पानी के साथ विशेष फोम का इस्तेमाल किया।
हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस, प्रशासन तथा औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर पुलिस ने फैक्ट्री के आसपास के इलाके को घेर लिया और राहत-बचाव कार्य को सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ाया।
कोई हताहत नहीं
राहत की बात यह है कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, फैक्ट्री में हुए नुकसान का अभी सटीक आकलन नहीं हो पाया है। अधिकारियों के अनुसार आग पूरी तरह बुझने के बाद घटनास्थल की जांच की जाएगी। इसके बाद ही विस्फोट के वास्तविक कारण और संपत्ति को हुए नुकसान की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल दमकल विभाग की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटी हैं और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
