पडिक्कल ने तोड़ा पुजारा का रिकॉर्ड, श्रीलंका में नंबर-3 पर रचा इतिहास

0
WhatsApp Image 2026-08-16 at 10.08.10 PM

CENTRAL NEWS DESK: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल टेस्ट के दूसरे दिन बारिश ने काफी समय तक खेल रोके रखा, लेकिन मैदान पर उतरने के बाद भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 9 विकेट पर 460 रन बना लिए। देवदत्त पडिक्कल ने शानदार 167 रन की पारी खेलकर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह श्रीलंका में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय बन गए।

पडिक्कल ने अपनी पारी में 15 चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने चेतेश्वर पुजारा का पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। वहीं, पहले दिन 77 रन पर रिटायर्ड हर्ट हुए केएल राहुल दूसरे दिन दोबारा बल्लेबाजी करने उतरे और 81 रन बनाकर आउट हुए।

बारिश के कारण साढ़े चार घंटे देर से शुरू हुआ खेल

गॉल में दूसरे दिन का खेल लगातार बारिश की वजह से समय पर शुरू नहीं हो सका। सुबह से बारिश होने के कारण मैच करीब 4 घंटे 35 मिनट की देरी से शुरू हुआ।

मैच को सुबह 10 बजे शुरू होना था, लेकिन बारिश रुकने के बाद दोपहर 2:35 बजे खेल शुरू हो सका। इस वजह से दूसरे दिन का करीब आधा खेल बारिश की भेंट चढ़ गया।

राहुल ने दोबारा की बल्लेबाजी, 81 रन बनाकर लौटे

पहले दिन केएल राहुल शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन 77 रन के स्कोर पर उन्हें क्रैम्प की समस्या हुई थी। शरीर के कई हिस्सों में अकड़न के बाद राहुल रिटायर्ड हर्ट होकर ड्रेसिंग रूम लौट गए थे।

दूसरे दिन ऋषभ पंत के आउट होने के बाद 81वें ओवर में राहुल एक बार फिर बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे। उन्होंने अपने पिछले स्कोर में सिर्फ चार रन जोड़े और 81 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें केशर नुवंथा की गेंद पर निशान फर्नांडो ने कैच किया।

पडिक्कल ने पुजारा का रिकॉर्ड तोड़ा

देवदत्त पडिक्कल ने गॉल में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 167 रन बनाए। इसके साथ ही वह श्रीलंका में भारत की ओर से नंबर-3 पर सबसे बड़ी टेस्ट पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए।

इससे पहले यह रिकॉर्ड चेतेश्वर पुजारा के नाम था। पुजारा ने 2017 में इसी मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ 153 रन बनाए थे। पडिक्कल ने 167 रन की पारी खेलकर उनका रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।

चौका लगाकर पूरा किया 150 का आंकड़ा

पडिक्कल ने अपने 150 रन पूरे करने के लिए शानदार शॉट खेला। 86वें ओवर की आखिरी गेंद पर असिथा फर्नांडो ने पैड्स की तरफ गेंद डाली, जिसे पडिक्कल ने ऑन-साइड में फ्लिक करके चौके के लिए भेज दिया।

चौका लगते ही उन्होंने बल्ला उठाकर दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया। ड्रेसिंग रूम में मौजूद भारतीय खिलाड़ियों ने भी खड़े होकर तालियां बजाईं।

अंपायर रॉड टकर की तबीयत बिगड़ी

मैच के दौरान ऑस्ट्रेलियाई अंपायर रॉड टकर की तबीयत खराब हो गई। इसके बाद उन्होंने तीसरे सेशन में अंपायरिंग नहीं की। उनकी जगह रिजर्व अंपायर रवींद्र विमलासिरी ने अंपायरिंग की जिम्मेदारी संभाली।

ध्रुव जुरेल को मिला जीवनदान

भारतीय पारी के दौरान ध्रुव जुरेल को भी एक जीवनदान मिला। 101.5 ओवर में प्रभात जयसूर्या की गेंद पर जुरेल ने कट शॉट खेलने की कोशिश की। गेंद बल्ले का किनारा लेकर पहली स्लिप में गई, जहां धनंजय डी सिल्वा ने कैच पकड़ने की कोशिश की।

हालांकि गेंद उनके हाथ से लगकर बाजू और फिर पसली से टकराई और कैच छूट गया। जुरेल ने इस मौके का फायदा उठाया और 51 रन की पारी खेली।

दूसरे दिन भारत की स्थिति मजबूत

दूसरे दिन बारिश के कारण काफी समय खराब होने के बावजूद भारतीय टीम ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली। पडिक्कल की बड़ी पारी और राहुल-जुरेल के उपयोगी योगदान की बदौलत भारत ने दिन का खेल 9 विकेट पर 460 रन के स्कोर पर खत्म किया। अब तीसरे दिन भारतीय टीम की कोशिश स्कोर को और बड़ा करने और श्रीलंका पर दबाव बढ़ाने की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *