बंगाल में सरकारी स्कूल की बदहाली दिखाने पर हमला, पिता की मौत; CJP बोला- इंसाफ मिलने तक चुप नहीं बैठेंगे
CENTRAL NEWS DESK: पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में सरकारी स्कूल की बदहाली का वीडियो बनाने के बाद कथित हमले में घायल हुए एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान जनाब मफीक के रूप में हुई है। वह CJP कार्यकर्ता शेख अब्दुल हफीज के पिता थे। परिवार और CJP ने आरोप लगाया है कि 13 अगस्त को कुछ हथियारबंद लोगों ने घर में घुसकर मफीक और उनके बेटे पर हमला किया था। गंभीर चोटों के बाद 15 अगस्त को मफीक की मौत हो गई।
स्कूल की बदहाली का वीडियो बनाने के बाद हमला
CJP के अनुसार, मफीक 13 अगस्त को अपने गांव करिसुंडा स्थित सरकारी स्कूल में पार्टी के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने स्कूल में गंदगी और बुनियादी सुविधाओं की कमी को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया था।
आरोप है कि वीडियो बनाने के कुछ ही घंटे बाद हथियारबंद लोग उनके घर पहुंचे और मफीक के साथ मारपीट की। परिवार का कहना है कि हमलावरों ने उनसे माफी मांगते हुए वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए दबाव बनाया। इनकार करने पर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई।
बेटे ने लगाया जानलेवा हमले का आरोप
अब्दुल हफीज का आरोप है कि हमलावरों ने उनके और उनके पिता के सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई। उन्होंने दावा किया कि धारदार हथियारों से हमला किया गया और उनका मोबाइल फोन छीनकर स्कूल तथा जंतर-मंतर से जुड़े बनाए गए वीडियो भी डिलीट करवा दिए गए।
हफीज के मुताबिक, अस्पताल और थाने जाने के दौरान भी उन्हें कथित तौर पर घेरा गया और भविष्य में इस तरह के वीडियो नहीं बनाने की धमकी दी गई। उनका दावा है कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।

15 अगस्त को इलाज के दौरान मफीक की मौत
हमले में गंभीर रूप से घायल मफीक की 15 अगस्त को मौत हो गई। परिवार ने स्थानीय बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और जांच जारी है। बांकुड़ा के पुलिस अधीक्षक वी.जी. सतीश पसुमार्थी ने कहा कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।
बीजेपी कार्यकर्ता दोषी मिले तो कार्रवाई का दावा
बीजेपी की ओर से कहा गया है कि यदि इस घटना में उसके किसी कार्यकर्ता की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि दर्ज एफआईआर में हमलावरों को बीजेपी कार्यकर्ता नहीं बताया गया है। उन्होंने बताया कि पांच आरोपितों में से तीन को गिरफ्तार किया जा चुका है और बाकी आरोपितों की तलाश जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि मृतक के घर के बाहर सुरक्षा के लिए होमगार्ड तैनात किए गए हैं।
अभिजीत दीपके बोले- इंसाफ तक चुप नहीं बैठेंगे
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अब्दुल हफीज और उनके परिवार को इंसाफ दिलाने तक संगठन चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने कहा कि CJP की टीम पश्चिम बंगाल जाकर मामले की जानकारी लेगी।
दीपके ने मफीक द्वारा बनाया गया स्कूल का वीडियो भी अपने X अकाउंट पर साझा किया है। वीडियो में स्कूल की गंदगी और बुनियादी ढांचे से जुड़ी समस्याएं दिखाई गई हैं।
महाराष्ट्र से शुरू हुआ था ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान
अभिजीत दीपके ने महाराष्ट्र के हिंगोली में ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान की शुरुआत की थी। अभियान के जरिए सरकारी स्कूलों की स्थिति, छात्रों को मिलने वाली सुविधाओं और बुनियादी ढांचे की समस्याओं को सामने लाने की बात कही गई थी।
दीपके का कहना था कि सरकारी स्कूलों की बदहाली का सबसे ज्यादा असर गरीब परिवारों के बच्चों पर पड़ता है। उन्होंने प्राइवेट स्कूलों की फीस पर सीमा तय करने की मांग भी उठाई थी। अब बंगाल की घटना के बाद यह अभियान एक बार फिर चर्चा में है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
