अमेरिका की 250वीं आजादी वर्षगांठ समारोह में भारत का जलवा, आईएनएस सुदर्शिनी ने न्यूयॉर्क बंदरगाह पर लहराया तिरंगा

0

CENTRAL NEWS DESK: भारत और अमेरिका के मजबूत समुद्री रिश्तों का एक और प्रतीक उस समय देखने को मिला, जब भारतीय नौसेना का सेल ट्रेनिंग जहाज आईएनएस सुदर्शिनी 4 जुलाई को अमेरिका के न्यूयॉर्क बंदरगाह पहुंचा। यह जहाज अमेरिका की आजादी के 250वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इंटरनेशनल नेवल रिव्यू 250 और सेल फोर्थ 250 समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहा है।

न्यूयॉर्क हार्बर में प्रवेश करते समय आईएनएस सुदर्शिनी ने विश्व प्रसिद्ध स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी के सामने से गुजरते हुए भारतीय तिरंगा शान से लहराया। इस दौरान अमेरिका समेत कई देशों के युद्धपोत और पारंपरिक जहाज भी इस भव्य समुद्री आयोजन का हिस्सा बने।

हडसन नदी में निकली भव्य परेड ऑफ सेल

समारोह के तहत आयोजित परेड ऑफ सेल में आईएनएस सुदर्शिनी ने हडसन नदी में शानदार उपस्थिति दर्ज कराई। तीन मस्तूल वाला यह पारंपरिक जहाज भारत की सदियों पुरानी समुद्री विरासत और नौवहन परंपरा का प्रतीक बना। भारतीय तिरंगे के साथ जहाज ने दुनिया के सामने भारत की समृद्ध समुद्री संस्कृति का प्रदर्शन किया।

भारतीय नौसेना ने कहा कि इस आयोजन में भागीदारी भारत और अमेरिका के बीच बढ़ते समुद्री सहयोग, आपसी विश्वास और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने का प्रतीक है।

‘लोकायन-2026’ अभियान का हिस्सा है आईएनएस सुदर्शिनी

आईएनएस सुदर्शिनी इस समय अपने 10 महीने लंबे ट्रांसओशेनिक अभियान ‘लोकायन-2026’ पर है। इस अभियान का उद्देश्य मित्र देशों की नौसेनाओं के साथ सहयोग बढ़ाना, वैश्विक सद्भाव को मजबूत करना और भारत की समुद्री परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करना है।

न्यूयॉर्क पहुंचने से पहले यह जहाज 19 से 23 जून के बीच अमेरिका के नॉरफॉक (वर्जीनिया) में आयोजित सेल-250 कार्यक्रम में शामिल हुआ था। इसके बाद 26 जून को यह बाल्टीमोर (मैरीलैंड) पहुंचा और अब न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन में आयोजित मुख्य समारोह का हिस्सा बना है।

20 से अधिक देशों के जहाज शामिल

आयोजकों के अनुसार, सेल फोर्थ 250 अमेरिका के इतिहास का सबसे बड़ा समुद्री आयोजन है। इसमें 20 से अधिक देशों के पारंपरिक जहाज, युद्धपोत और विमान हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम 4 जुलाई से 8 जुलाई तक न्यूयॉर्क हार्बर में आयोजित किया जा रहा है।

समुद्री प्रदर्शन के साथ-साथ इस आयोजन में भव्य एयर शो भी आयोजित किया जा रहा है, जिसमें अमेरिकी लड़ाकू विमान लाल, सफेद और नीले रंग की धुएं की धारियां बनाकर आसमान में करतब दिखा रहे हैं।

भारत-अमेरिका समुद्री साझेदारी को मिली नई मजबूती

भारतीय नौसेना के अनुसार, आईएनएस सुदर्शिनी का यह दौरा केवल एक औपचारिक यात्रा नहीं, बल्कि भारत और अमेरिका के बीच बढ़ते समुद्री सहयोग का महत्वपूर्ण प्रतीक है। न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित तट पर भारतीय जहाज की मौजूदगी भारत की समुद्री क्षमता, सांस्कृतिक विरासत और वैश्विक साझेदारी के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

भारतीय नौसेना ने कहा कि आईएनएस सुदर्शिनी आने वाले समय में भी दुनिया के विभिन्न देशों की यात्राओं के माध्यम से भारत की समुद्री परंपरा, मित्रता और सहयोग का संदेश फैलाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed