2030 तक RCB के लिए खेल सकते हैं विराट कोहली, CEO बोले: भूख अब भी खत्म नहीं हुई

0
news ffff

vriaty kohli

CENTRAL NEWS DESK: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और विराट कोहली का रिश्ता इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास की सबसे मजबूत प्लेयर-फ्रेंचाइजी पार्टनरशिप में गिना जाता है। अब आरसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश मेनन ने संकेत दिया है कि विराट कोहली कम से कम वर्ष 2030 तक टीम के लिए खेलते नजर आ सकते हैं।

राजेश मेनन ने एक बातचीत में कहा कि विराट कोहली की सफलता की भूख आज भी पहले जैसी ही है। उनका मानना है कि कोहली अगले तीन से चार वर्षों तक आरसीबी के लिए खेलना जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि विराट केवल एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि आरसीबी की पहचान बन चुके हैं।

मेनन ने कहा कि आरसीबी और विराट कोहली एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। टीम के साथ उनका जुड़ाव शुरू से बना हुआ है। हमने कभी उन्हें आरसीबी से अलग नहीं देखा। आने वाले तीन-चार साल तक उनके खेलने को लेकर कोई चिंता नहीं है। वह पूरी तरह फिट हैं और उनके अंदर जीतने की भूख अभी भी जिंदा है।”

आईपीएल में विराट का दबदबा जारी

विराट कोहली आईपीएल इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाज हैं। उन्होंने अब तक 283 मुकाबलों में 9,336 रन बनाए हैं और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हुए हैं। आईपीएल 2016 में उन्होंने रिकॉर्ड 973 रन बनाकर ऐसा प्रदर्शन किया था, जिसे आज भी टूर्नामेंट के इतिहास की सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी मुहिम माना जाता है। इसके बाद भी विराट का बल्ला लगातार बोलता रहा। आईपीएल 2024 में उन्होंने 741 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती, जबकि 2025 में 657 रन बनाकर आरसीबी को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई।

2026 में भी बने टीम के सबसे बड़े मैच विनर

आईपीएल 2026 में भी विराट कोहली आरसीबी के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज रहे। उन्होंने पूरे सत्र में 675 रन बनाए और टीम को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाई। फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ विराट ने 42 गेंदों में नाबाद 75 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपने आईपीएल करियर का सबसे तेज अर्धशतक लगाया और अंत तक क्रीज पर टिके रहे। जीत का छक्का लगाकर उन्होंने आरसीबी को लगातार दूसरा खिताब दिलाया।

फिटनेस और जुनून बना सबसे बड़ा हथियार

37 वर्ष की उम्र में भी विराट कोहली की फिटनेस युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करती है। मैदान पर उनकी ऊर्जा, आक्रामकता और जीत के लिए जुनून आज भी वैसा ही दिखाई देता है जैसा करियर के शुरुआती दिनों में था। यही वजह है कि आरसीबी प्रबंधन को भरोसा है कि विराट आने वाले कई वर्षों तक टीम की सफलता की धुरी बने रहेंगे। आरसीबी के प्रशंसकों के लिए यह खबर किसी बड़ी खुशखबरी से कम नहीं है। अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो क्रिकेट प्रेमी विराट कोहली को 2030 तक लाल जर्सी में मैदान पर चौके-छक्के लगाते देख सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *