पटना में मोदी लहर! – महिलाओं ने उतारी आरती, सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब
दिनकर गोलंबर से शुरू हुआ ऐतिहासिक रोड शो
BIHAR NEWS DESK: रविवार की शाम पटना पूरी तरह मोदीमय हो उठा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरा और नवादा में जनसभाओं के बाद राजधानी में मेगा रोड शो किया। उन्होंने सबसे पहले दिनकर गोलंबर पहुंचकर राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और वहीं से अपने भव्य रोड शो की शुरुआत की.
महिलाओं ने बालकनी से उतारी आरती
प्रधानमंत्री मोदी के रोड शो की सबसे खास झलक महिलाओं की श्रद्धा रही। सड़कों पर ही नहीं, घरों की बालकनियों से भी महिलाएं थाल लिए खड़ी थीं। जब पीएम मोदी का काफिला गुजरा, तो उन्होंने आरती उतारकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। कई जगहों पर पुष्पवर्षा भी की गई.

मोदी की एक झलक पाने को उमड़ा जनसैलाब
पटना की सड़कों पर जनसागर उमड़ पड़ा। हर उम्र का इंसान अपने नेता की एक झलक पाने को बेताब था। ‘मोदी जिंदाबाद’ और ‘जय श्रीराम’ के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। बच्चों और युवाओं ने मोबाइल कैमरों में हर पल कैद किया। सड़कों पर भाजपा के झंडे और मोदी के कटआउट लहराते दिखे.
एनडीए प्रत्याशियों के लिए मांगा समर्थन
रोड शो दिनकर गोलंबर से शुरू होकर गांधी मैदान के पास उद्योग भवन तक पहुंचा। पीएम मोदी के साथ केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और सांसद रविशंकर प्रसाद भी मौजूद रहे। उन्होंने पूरे उत्साह के साथ पटना के एनडीए प्रत्याशियों के लिए जनता से समर्थन मांगा।
सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम, हर कोने पर निगरानी
इतनी बड़ी भीड़ को संभालने के लिए प्रशासन ने चाक-चौबंद व्यवस्था की थी। पूरा रूट बैरिकेडिंग से घिरा था, पुलिस, एनएसजी और एसपीजी के जवान हर चौराहे पर तैनात थे। कई स्वागत मंचों से लोग प्रधानमंत्री का अभिनंदन कर रहे थे।
हर दिल में मोदी, हर जुबां पर जय श्रीराम!’
जैसे-जैसे काफिला आगे बढ़ा, उत्साह का स्तर भी बढ़ता गया। हर तरफ बस एक ही नारा गूंज रहा था — “हर दिल में मोदी, हर जुबां पर जय श्रीराम!”
पटना का यह ऐतिहासिक दृश्य आने वाले चुनावी माहौल का इशारा कर गया — कि जनता का जोश अब अपने चरम पर है।
news Journalist
