Kanpur News: समीक्षा बैठक में सतीश महाना के कड़े तेवर, बोले- अफसरों को GT रोड ले जाओ…तब पता चलेगा कितने गड्ढे हैं
Central News Desk: सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शहर के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि जीटी रोड पर इतने बड़े-बड़े गड्ढे हैं कि आम जनता का चलना मुश्किल हो गया है। बैठक में महाना ने अधिशासी अभियंता और अन्य अधिकारियों को जीटी रोड पर ले जाकर खुद गड्ढों की स्थिति देखने के निर्देश दिए।
अध्यक्ष महाना ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिन में सड़कें दुरुस्त नहीं की गईं, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कें 30 अक्तूबर तक सही नहीं हुईं, तो जिलाधिकारी एक नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें बताएंगे।
बैठक में एमएलसी अरुण पाठक, केडीए उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल, नगर आयुक्त सुधीर कुमार, सीडीओ दीक्षा जैन, एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जल निगम और जल जीवन मिशन पर नाराजगी
महाना ने जल निगम के अफसरों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जल निगम काम करने के बाद सड़कें ठीक नहीं कर रहा और वहां कोई सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया जा रहा। इस पर अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार ने 15 अक्तूबर तक सभी सड़कें बनवाने का आश्वासन दिया, लेकिन महाना ने समय सीमा बढ़ाकर 30 अक्तूबर तय की।
घाटमपुर और बिल्हौर के विधायक भी ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत खोदी गईं सड़कों की खराब स्थिति को लेकर नाराज हुए। महाना ने गांवों की सड़कों की जाँच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई का निर्देश दिया।
कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे और अन्य विकास कार्य
समीक्षा बैठक में विधानसभा अध्यक्ष ने एनएचएआई अधिकारियों से कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे की प्रगति पर जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि पहले पैकेज का काम पूरा हो चुका है और दूसरे पैकेज का काम जारी है। विद्युतीकरण का कार्य अक्टूबर तक पूरा किया जाएगा। महाना ने डोमनपुर गढ़ेवा पुल का निर्माण जल्द कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि दिसंबर तक एक्सप्रेसवे का काम पूरा हो जाएगा, ताकि यातायात और परिवहन की सुविधा में सुधार हो सके।
news Journalist
