जनता बदलाव के मूड में, इस बार होगी लैंडस्लाइड विक्ट्री: तेजस्वी यादव का दावा

0
theheadlinetoday

Bihar News Desk: बिहार की राजनीति में मंगलवार का दिन काफी गर्म रहा। एक तरफ़ जहां राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव अपनी ‘बिहार अधिकार यात्रा’ पर निकले, वहीं दूसरी ओर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाक़ात की और पार्टी संगठन की बैठकों में भाग लिया। इन दो बड़े राजनीतिक घटनाक्रमों ने राज्य का माहौल और भी गरमा दिया।

तेजस्वी यादव का बड़ा दावा: “बदलाव चाहती है जनता”

तेजस्वी यादव ने अपनी यात्रा के दौरान मिले जनसमर्थन का ज़िक्र करते हुए दावा किया कि इस बार बिहार की जनता निर्णायक बदलाव के मूड में है। उन्होंने कहा, “जनता का बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। हर जात और हर धर्म के लोग साथ दे रहे हैं। 20 साल पुरानी एनडीए सरकार से लोग परेशान हैं। भ्रष्टाचार और अपराध ने जनता का जीना मुश्किल कर दिया है, अब बदलाव का समय आ गया है।”
तेजस्वी ने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में राजद को बड़ी और ऐतिहासिक जीत मिलेगी।

अमित शाह-नीतीश मुलाक़ात पर तंज

तेजस्वी यादव ने अमित शाह और नीतीश कुमार की मुलाक़ात पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “अब इनकी मुलाक़ातों से कुछ नहीं होने वाला। अमित शाह सिर्फ़ वोट मांगने आते हैं, बिहार की समस्याओं से इन्हें कोई मतलब नहीं है।”
उन्होंने बाढ़ और बेरोज़गारी जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए कहा, “बिहार में बाढ़ है लेकिन इन्हें कोई मतलब नहीं। फैक्ट्री लगाते हैं गुजरात में और विक्ट्री चाहिए बिहार में।”

राजनीति में गर्माहट

एक ओर जहां तेजस्वी यादव लगातार जनता के बीच जाकर माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं अमित शाह और नीतीश कुमार की मुलाक़ात को भाजपा-जनता दल (यू) गठबंधन की मजबूती के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि तेजस्वी का कहना है कि कोई भी राजनीतिक समझौता जनता के फैसले पर असर नहीं डाल पाएगा, क्योंकि राज्य की जनता अब बदलाव के मूड में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *