INDW vs AUSW 2nd ODI: स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, भारत की पहली बल्लेबाज बनीं
Sport News Desk: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे तीन वनडे मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में बुधवार को स्मृति मंधाना ने ऐसा धमाल किया कि क्रिकेट इतिहास में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा दिया। चंडीगढ़ के महाराज यदविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मंधाना ने 91 गेंदों पर 14 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 117 रनों की पारी खेली। यह उनके वनडे करियर का 12वां शतक रहा।
दो देशों के खिलाफ तीन-तीन शतक
इस शानदार पारी के साथ स्मृति मंधाना भारत की पहली ऐसी बल्लेबाज बन गईं, जिन्होंने दो अलग-अलग देशों के खिलाफ तीन-तीन शतक जड़े। उन्होंने इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी और अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी यह कारनामा कर दिखाया। इससे पहले मिताली राज और हरमनप्रीत कौर ने एक-एक देश के खिलाफ तीन शतक जड़े थे।
दुनिया की नंबर तीन बल्लेबाज
इस शतक के साथ मंधाना वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर पहुंच गई हैं। उनके नाम अब 12 शतक हो गए हैं और वह इंग्लैंड की टैमसिन बाउमोंट के बराबर आ गई हैं। न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स (13 शतक) और ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग (15 शतक) अब उनके अगले लक्ष्य हैं।
मेग लैनिंग का रिकॉर्ड भी खतरे में
स्मृति मंधाना की निरंतरता और लय को देखते हुए ऐसा लग रहा है कि वह जल्द ही सूजी बेट्स को पीछे छोड़ देंगी और मेग लैनिंग के 15 शतकों के रिकॉर्ड की ओर बढ़ेंगी। अगर ऐसा हुआ, तो वह वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली बल्लेबाज बन जाएंगी।
स्मृति मंधाना का यह शतक न केवल व्यक्तिगत रूप से उनके लिए ऐतिहासिक रहा, बल्कि भारतीय महिला क्रिकेट के लिए भी गर्व का पल है। यह साबित करता है कि भारतीय महिला क्रिकेट लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है और मंधाना इसका सबसे चमकदार सितारा हैं।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
