पहली ही गेंद पर विकेट, अर्जुन तेंदुलकर ने खोला ‘पंजा’, बल्ले से भी दिखाया कमाल
Sport News Desk: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर के बेटे और उभरते ऑलराउंडर अर्जुन तेंदुलकर ने डॉ. के टी रमेश मेमोरियल टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए सबको प्रभावित किया। गोवा की ओर से खेलते हुए उन्होंने न केवल गेंदबाजी से कमाल किया बल्कि बल्लेबाजी में भी अहम योगदान दिया।
अर्जुन ने पहले टीम के लिए सबसे ज्यादा 36 रन बनाए और फिर गेंद थामते ही विपक्षी बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी। अपनी पहली ही गेंद पर उन्होंने अनिरुद्ध साबले को पवेलियन भेज दिया। इसके तुरंत बाद उन्होंने महाराष्ट्र के दूसरे सलामी बल्लेबाज महेश म्हास्के को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। शुरुआती झटकों के बाद महाराष्ट्र की टीम संभल ही नहीं पाई।
उनकी धारदार गेंदबाजी से माहौल और गरमा गया। साथी गेंदबाज लखमेश पवने ने यश क्षीरसागर का विकेट चटकाया तो अर्जुन ने एक बार फिर मोर्चा संभालते हुए दिग्विजय पाटिल को आउट कर दिया। नतीजा यह हुआ कि महज 15 रनों पर महाराष्ट्र अपने चार विकेट गंवा बैठा।
इसके बाद भी अर्जुन का जादू जारी रहा। पारी के 39वें ओवर में उन्होंने मेहुल पटेल को आउट किया और सबको संकेत दे दिया कि आज उनका दिन है। आखिरकार, उन्होंने महाराष्ट्र के आखिरी बल्लेबाज नदीम शेख को कैच आउट करवाकर अपना पांचवां विकेट (फिफर) पूरा किया।
अर्जुन की घातक गेंदबाजी का ही असर था कि महाराष्ट्र की पूरी टीम 136 रन पर ढेर हो गई। इससे पहले बल्ले से 36 रन जोड़कर अर्जुन ने अपनी ऑलराउंड क्षमता भी साबित की।
इस मैच में अर्जुन तेंदुलकर का प्रदर्शन एक मजबूत संदेश देता है कि वह न सिर्फ अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के लिए एक भरोसेमंद ऑलराउंडर के रूप में उभर रहे हैं।
news Journalist
