एशिया कप 2025: लिटन दास की अर्धशतकीय पारी से बांग्लादेश ने हॉन्गकॉन्ग को 7 विकेट से हराया

0
theheadlinetoday

Sport News Desk: अबु धाबी में खेले गए एशिया कप 2025 के तीसरे मुकाबले में बांग्लादेश ने शानदार अंदाज़ में हॉन्गकॉन्ग को सात विकेट से हराकर टूर्नामेंट की विजयी शुरुआत की। नए कप्तान लिटन दास ने अर्धशतक जमाते हुए टीम को 17.4 ओवर में ही लक्ष्य तक पहुंचा दिया। यह हॉन्गकॉन्ग की लगातार दूसरी हार है।

हांगकांग की पारी – बांग्लादेशी गेंदबाजों ने कसा शिकंजा

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हॉन्गकॉन्ग की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 143 रन ही बना सकी। पावरप्ले में ही बांग्लादेशी गेंदबाजों ने दबाव बना दिया। तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद और तंजीम हसन साकिब ने बेहतरीन स्विंग गेंदबाजी से हांगकांग के शीर्षक्रम को झकझोर दिया। तस्कीन ने अंशुमान रथ (4) को आउट किया, जबकि तंजीम ने बाबर हयात (14) का विकेट लिया।

हॉन्गकॉन्ग के कप्तान यासिम मुर्तजा ने 19 गेंदों में 28 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। जीशान अली ने 30 रन की धीमी लेकिन उपयोगी पारी खेली।

लिटन-दौहीद की साझेदारी ने दिलाई जीत

लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने शुरुआत में परवेज इमोन (19 रन) का विकेट जल्दी गंवा दिया। इसके बाद कप्तान लिटन दास ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 59 रनों की दमदार पारी खेली और तौहीद हृदोय (नाबाद 35) के साथ मिलकर 95 रनों की साझेदारी की। दोनों ने बीच के ओवरों में मैच का रुख पूरी तरह बांग्लादेश की ओर मोड़ दिया।

लिटन दास के आउट होने के बाद भी तौहीद ने संभलकर बल्लेबाजी की और टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। बांग्लादेश ने 17.4 ओवर में 144 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।

एशिया कप में बांग्लादेश का आत्मविश्वासी आगाज

इस जीत के साथ ही बांग्लादेश ने टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की और ग्रुप स्टेज में मजबूत दावा पेश किया। वहीं, हॉन्गकॉन्ग की यह लगातार दूसरी हार रही। उन्हें पहले मैच में अफगानिस्तान ने 94 रन से हराया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *