Asia Cup 2025: अभिषेक शर्मा ने रचा इतिहास, पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर बनाया महारिकॉर्ड
Sport News Desk: एशिया कप 2025 में टीम इंडिया ने अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की। भारतीय क्रिकेट टीम ने यूएई को दूसरे मुकाबले में महज 9 विकेट से हराते हुए टूर्नामेंट की सबसे बड़ी जीत दर्ज कर ली। यूएई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 58 रनों का मामूली लक्ष्य दिया था, जिसे टीम इंडिया ने केवल 4.3 ओवर में हासिल कर इतिहास रच दिया।
इस मैच के हीरो रहे युवा ओपनर अभिषेक शर्मा, जिन्होंने ऐसी उपलब्धि अपने नाम की जो आजतक कोई भारतीय बल्लेबाज नहीं कर पाया था।
पहली गेंद पर छक्का लगाकर रचा इतिहास
भारत की पारी की शुरुआत में ही अभिषेक शर्मा ने बड़ा धमाका कर दिया। उन्होंने हैदर अली की पहली ही गेंद पर आगे बढ़कर लॉन्ग-ऑफ के ऊपर से शानदार छक्का जड़ा। अभिषेक टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में लक्ष्य का पीछा करते हुए पारी की पहली ही गेंद पर छक्का लगाने वाले भारत के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।

ताबड़तोड़ बल्लेबाजी, शानदार रिकॉर्ड
अभिषेक ने महज 16 गेंदों पर 30 रन की तेज़ पारी खेली, जिसमें दो चौके और तीन गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी ने भारत की जीत को और भी आसान बना दिया।
सिर्फ इतना ही नहीं, अभिषेक का स्ट्राइक रेट भी भारतीय क्रिकेट के इतिहास में अलग ही स्तर पर है। 500+ रन पूरे करने वाले बल्लेबाजों में उनका स्ट्राइक रेट सबसे ज्यादा है। उन्होंने अब तक 16 पारियों में 535 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट है 193.84। इसमें दो शतक और दो अर्धशतक भी शामिल हैं।
पहले ही तोड़ा शुभमन गिल का रिकॉर्ड
अभिषेक ने जुलाई 2024 में टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था और बहुत कम समय में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। इस साल की शुरुआत में वानखेड़े स्टेडियम पर इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 135 रनों की पारी खेली थी, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज का टी20आई में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है। इससे पहले यह रिकॉर्ड शुभमन गिल (126*) के नाम था।
एशिया कप में भारत का दबदबा
यूएई के खिलाफ यह जीत भारतीय टीम के लिए ऐतिहासिक रही। भारत ने 93 गेंद शेष रहते यह मुकाबला जीत लिया। एशिया कप टी20 फॉर्मेट में इतनी गेंद शेष रहते जीत दर्ज करने वाली यह पहली टीम बन गई है। ओवरऑल आंकड़े में भारत दूसरे स्थान पर है। इस सूची में इंग्लैंड पहले नंबर पर है, जिसने 2024 में ओमान को 101 गेंद शेष रहते हराया था।
अभिषेक शर्मा का अब तक का टी20आई करियर
अभिषेक शर्मा ने 18 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 33.23 की औसत से 565 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 48 चौके और 44 छक्के जड़े हैं। उनका आक्रामक अंदाज़ और लगातार रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन भारत के लिए भविष्य में बड़े टूर्नामेंट्स में बेहद अहम साबित हो सकता है।
news Journalist
