जम्मू-कश्मीर में मूसलाधार बारिश से तबाही: कठुआ में पुल टूटा, कई इलाके जलमग्न

0
theheadlinetoday

Jammu News Desk: जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। बीते 24 घंटों में हुई मूसलाधार बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। निचले इलाकों में पानी भर गया है और कई जगहों पर मकानों की दीवारें ढह गईं। वहीं जानीपुर, रूप नगर, तालाब टिल्लू, न्यू प्लॉट और संजय नगर जैसे इलाकों में घरों के भीतर बाढ़ का पानी घुस गया, जिससे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने जम्मू-कश्मीर के सभी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए संभावित बादल फटने, अचानक बाढ़ और भूस्खलन को लेकर चेतावनी दी है। विभाग ने लोगों से नदियों, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

Jammu: Locals remove rainwater inundating their house after heavy rainfall, at Kabir Colony, in Jammu, Sunday, Aug. 24, 2025. (PTI Photo) (PTI08_24_2025_000011A)

भारी बारिश का सबसे बड़ा असर कठुआ जिले में देखा गया, जहां सहार खड्ड नदी पर बने एक पुराने पुल को गंभीर क्षति पहुंची है। वहीं, नया पुल भी कमजोर पाया गया है, जिसे एहतियातन बंद कर दिया गया। कठुआ के उपायुक्त राजेश शर्मा ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और यातायात को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया है और सभी संबंधित विभागों को तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जलभराव वाले इलाकों से पानी निकालने, बिजली और पीने के पानी की सप्लाई बहाल करने को शीर्ष प्राथमिकता दी जाए। साथ ही नियंत्रण कक्षों को सक्रिय रखने और विभागों के बीच समन्वय पर जोर दिया गया है।

भारी बारिश की वजह से लगभग एक दर्जन वाहन बह गए हैं और कई इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 27 अगस्त तक मध्यम से भारी बारिश जारी रह सकती है, जिससे ऊंचाई वाले इलाकों में बादल फटने और भूस्खलन की आशंका है।

सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और प्रशासन के साथ सहयोग करें, ताकि किसी भी तरह की जनहानि से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *