कमालपुर गौशाला में गोवंश की दुर्दशा पर बवाल, बजरंग दल व विहिप का प्रदर्शन तेज
Central News Desk: कानपुर नगर की बिल्हौर तहसील के कमालपुर खोंदन स्थित वृहद गौशाला में गोवंश की बदहाल स्थिति को लेकर विवाद और तेज हो गया है। गौशाला में संरक्षित 361 गोवंश में से कई की मौत चारे-पानी की कमी और लापरवाही के चलते हो चुकी है, वहीं दर्जनों बीमार और असहाय गोवंश उठने-बैठने तक में असमर्थ हैं।
दो सप्ताह पहले मामले के उजागर होने पर पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय निरंजन और खंड विकास अधिकारी बलराम सिंह ने निरीक्षण किया था। इसके बाद पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया गया और एसडीएम संजय कुमार दीक्षित ने चिकित्सक का वेतन रोकने के आदेश दिए थे। ग्राम प्रधान व बीडीओ को कारण बताओ नोटिस भी जारी हुआ था।

बुधवार को हालात को लेकर नाराज बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और गौ रक्षा दल के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि उन्होंने खुद 15 गोवंश को कीचड़ से निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
प्रशासन द्वारा ब्लॉक परिसर में लगाए गए टेंट को हटवा दिए जाने के बाद, विहिप जिला उपाध्यक्ष मनीष दीक्षित के नेतृत्व में कार्यकर्ता शिवराजपुर भटपुरा रोड पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने बीडीओ बलराम सिंह, पशु चिकित्सक, ठेकेदार और पूर्व पंचायत सचिव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
हालात संभालने मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस दौरान बजरंग दल जिला संयोजक शशिकांत, गौ रक्षा प्रमुख सम्राट, प्रखंड मंत्री नितिन व सेंगर, प्रखंड अध्यक्ष पुष्पेंद्र दीक्षित, दीपक चंदेल, दीपक तिवारी, अमन त्रिवेदी, सूर्यप्रताप सिंह, वैभव सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारी संगठनों का कहना है कि जब तक गौशाला प्रबंधन में लापरवाही करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर ठोस कार्रवाई नहीं की जाएगी, आंदोलन जारी रहेगा।
news Journalist
