मुंबई बारिश से बिगड़े हालात: मोनोरेल के बीच रास्ते में रुकने से यात्रियों की फंसी सांसें
Central News Desk: मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। देश की आर्थिक राजधानी की रफ्तार पर इस कदर ब्रेक लगा कि सड़कों से लेकर रेलवे तक सब जगह मुश्किलें खड़ी हो गईं। सबसे बड़ी घटना मंगलवार को उस वक्त सामने आई जब मुंबई मोनोरेल मैसूर कॉलोनी और भक्ति पार्क स्टेशन के बीच अचानक रुक गई। बिजली आपूर्ति बाधित होने के चलते मोनोरेल बीच ट्रैक पर ही थम गई और यात्रियों को घंटों तक अंदर ही फंसा रहना पड़ा।
कई घंटे तक बिना एसी फंसे रहे यात्री
इस मोनोरेल में 400 से अधिक यात्री सवार थे। ट्रेन रुकते ही एसी और बिजली सप्लाई बंद हो गई। यात्रियों को गर्मी और घुटन का सामना करना पड़ा। हालात बिगड़ने पर बचाव दल मौके पर पहुंचा और करीब 442 यात्रियों को क्रेन की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। बीएमसी, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। एक यात्री की हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अधिकारियों का बयान
महाराष्ट्र मुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (MMMOPL) ने कहा कि मोनोरेल ट्रेन मैसूर कॉलोनी स्टेशन के पास बिजली बाधित होने के कारण रुक गई थी। हमारी संचालन और मेंटेनेंस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और समस्या को सुलझाने में लगी है। फिलहाल वडाला से चेंबूर तक का संचालन बहाल कर दिया गया है।
मुंबई के अतिरिक्त नगर आयुक्त अश्विनी जोशी ने बताया कि मोनोरेल में यात्रियों की संख्या क्षमता से अधिक थी। वहीं बिजली आपूर्ति कनेक्शन टूटने से ट्रेन बीच में ही रुक गई। मौके पर पहुंचे बीएमसी के एडिश्नल म्युनिसिपल कमिश्नर अमित सैनी ने कहा कि बचाव अभियान में कोई कमी नहीं रखी गई और सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
सीएम फडणवीस का आश्वासन
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा, “चिंता की कोई बात नहीं है, सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला जाएगा। सभी एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं। सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस घटना की जांच भी कराई जाएगी।”

बारिश का कहर जारी
मुंबई और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश का सिलसिला जारी है। बाढ़ और बारिश से अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। नांदेड़ में बादल फटने से आठ लोगों की जान चली गई, जबकि अलग-अलग घटनाओं में छह अन्य लोगों की मौत हुई। हजारों लोग राहत शिविरों में पहुंचाए गए हैं।
वहीं रेलवे सेवाओं पर भी बारिश का असर पड़ा है। मध्य रेलवे ने सात जोड़ी ट्रेनों को रद्द कर दिया है और कई का मार्ग बदला गया है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने राज्यवासियों से अपील की है कि आने वाले 48 घंटे बेहद अहम हैं, लोग सावधानी बरतें और बिना जरूरत घरों से बाहर न निकलें।
मुंबईवासियों के लिए यह बारिश किसी परीक्षा से कम नहीं है। जहां एक ओर जनजीवन प्रभावित है, वहीं प्रशासन पूरी मुस्तैदी से राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
