योगी का सपा पर वार: ‘ग से गधा’ से लेकर ‘चच्चा भी गच्चा’ तक

0
9f7f0b47d1b4a1979899acb0958710f41734339581715369_original

Central News Desk: उत्तर प्रदेश विधानसभा में ‘विजन डॉक्यूमेंट 2047’ पर 24 घंटे से अधिक चली मैराथन चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अंदाज़ पूरी तरह हमलावर रहा। समाजवादी पार्टी (सपा) पर तंज कसते हुए उन्होंने व्यंग्य, कटाक्ष और तीखे आरोपों का सिलसिला जारी रखा।

पीडीए पाठशाला पर तंज

सीएम योगी ने सपा की शिक्षा नीति पर हमला बोलते हुए कहा, “कल्याण सिंह जी के समय ‘ग से गमला’ और ‘ग से गणेश’ पढ़ाया जाता था, लेकिन सपा ने इसे ‘ग से गधा’ कर दिया।” शिवपाल यादव पर कटाक्ष करते हुए बोले—“नेता जी (मुलायम सिंह यादव) जैसे भोले-भाले व्यक्ति को बदनाम कर दिया, और चच्चा भी गच्चा खा गए।”

स्कूल बंदी के आरोपों का जवाब

सपा द्वारा सरकारी स्कूल बंद करने के आरोपों पर पलटवार करते हुए योगी ने कहा, “आपके समय में स्कूलों की हालत खस्ताहाल थी। आपके बच्चे विदेशों में पढ़ते थे, गरीब बच्चों के भविष्य की चिंता कहां थी? आप तो ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ चला रहे थे।”

‘सीएम पोषण मिशन’ का ऐलान

मुख्यमंत्री ने नई योजना ‘सीएम पोषण मिशन’ की घोषणा की। इसके तहत आंगनवाड़ी, बाल वाटिका, प्री-प्राइमरी और प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए 100 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। भोजन स्थानीय किसानों से खरीदे गए मोटे अनाज से बनेगा और इसकी देखरेख स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा आर्मी के फूड कंट्रोल विशेषज्ञ करेंगे।

‘शराब माफिया से दीदियों तक’

योगी ने कहा, “पहले बच्चों के पोषण का फैसला शराब माफिया करते थे, अब दीदियां और विशेषज्ञ करेंगे। आपको डर है कि अगर ये बच्चे पुष्ट और शिक्षित हो गए, तो आप उनका शोषण नहीं कर पाएंगे।”

सपा का पलटवार

सपा ने योगी के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि सरकार की स्कूल बंद करने की नीति ने गरीब बच्चों की शिक्षा छीनी है और ‘सीएम पोषण मिशन’ कागज़ों से आगे नहीं बढ़ेगा। बहस के बाद विधानसभा का माहौल और गरमा गया, सत्ता और विपक्ष के बीच तल्खी बढ़ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *