उन्नाव में एबीवीपी की मशाल यात्रा, छात्र लाठीचार्ज के विरोध में गरजीं आवाजें
Unnao News Desk: शनिवार 06 सितंबर 2025 की शाम उन्नाव शहर पुलिस प्रशासन की कथित बर्बरता के खिलाफ छात्र आवाज़ों से गूंज उठा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) उन्नाव इकाई ने चंद्रशेखर आजाद बस अड्डा (निकट गुरुद्वारा) से एक विशाल मशाल यात्रा निकाली। यह विरोध प्रदर्शन हाल ही में बाराबंकी स्थित श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में आयोजित किया गया।

शाम 5:45 बजे शुरू हुई इस मशाल यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में जलती मशालें लिए कार्यकर्ता प्रशासनिक दमन और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ नारे लगाते आगे बढ़े। छात्रों का कहना था कि विश्वविद्यालय में शांतिपूर्ण धरने पर बैठे छात्रों को जिस तरह से पीटा गया, वह लोकतांत्रिक अधिकारों का सीधा हनन है।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि छात्रों की आवाज़ को किसी भी कीमत पर दबाया नहीं जा सकता। संगठन ने कहा कि घायल छात्रों को न्याय दिलाने और प्रशासनिक जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर यह आंदोलन जारी रहेगा।
यात्रा के दौरान छात्र नेताओं ने कहा –
“विद्यार्थी परिषद हमेशा छात्रहितों की लड़ाई लड़ती रही है। बाराबंकी की घटना न केवल अमानवीय है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों को चोट पहुँचाने वाली भी है। उन्नाव की मशाल यात्रा इस बात का प्रतीक है कि छात्र एकजुट होकर अन्याय का सामना करेंगे और प्रशासन को जवाब देंगे।”

इस मशाल यात्रा में युवाओं की भारी मौजूदगी ने साफ कर दिया कि छात्र अपने अधिकारों को लेकर सजग हैं और किसी भी दमनकारी कार्रवाई का जवाब सड़कों पर उतरकर देंगे।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
