जयपुर: स्कूल में महिला का गला पकड़ा, जान से मारने की धमकी दी, अब शिक्षा विभाग ने 2 शिक्षकों को दिया झटका

0
Teacher

Central News Desk: समीपवर्ती राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय देवका (जीरावल) में महिला वरिष्ठ प्रबोधक को जान से मारने और बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर आरोपित दोनों शिक्षकों को एपीओ कर दिया है।

पीड़िता अनिता मालवीय ने घटना को लेकर रेवदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में सहकर्मी शिक्षक संजय सिंह और योगराज गुर्जर पर गाली-गलौज, गला पकड़ने और बच्चों को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया था। इसके बाद विभाग हरकत में आया।

तीन सदस्यीय समिति ने की जांच:

शिक्षा विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की थी। इसमें अनापुर प्रधानाचार्य भगवत सिंह सोलंकी, हरणी अमरापुरा प्रधानाचार्य आशुतोष व्यास और दोलपुरा प्रधानाचार्य अर्चना को शामिल किया था। साथ ही कार्यवाहक मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह आढा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया था। मामले में जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) ने दोनों शिक्षकों को एपीओ करने के आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार अध्यापक योगराज गुर्जर को पिंडवाड़ा मुख्यालय तथा अध्यापक संजय सिंह को आबूरोड मुख्यालय लगाया है। संबंधित विद्यालयों से तत्काल कार्यमुक्त कर शाला दर्पण पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। दोनों शिक्षकों को एपीओ करने का आदेश जारी हुआ है। संबंधितों को आज ही यहां से एपीओ कर दिया जाएगा।
घनश्याम सिंह आढा, कार्यवाहक मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, रेवदर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *