रायपुर की इंटीरियर डिजाइनर बनी ‘ड्रग्स क्वीन’, पाकिस्तान तक फैला नेटवर्क
Central News Desk: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ड्रग्स तस्करी का बड़ा नेटवर्क उजागर हुआ है। मुंबई से गिरफ्तार इंटीरियर डिजाइनर नव्या मलिक के तार सिर्फ रायपुर ही नहीं, बल्कि देश के कई राज्यों और पाकिस्तान तक जुड़े होने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि नव्या की वॉट्सएप चैट और बैंक ट्रांजेक्शन से 600 से अधिक लोगों के ड्रग्स कनेक्शन की जानकारी मिली है।
डिजाइनर से ड्रग्स तस्कर बनने तक का सफर
30 वर्षीय नव्या मलिक इंटीरियर डिजाइनर होने के साथ-साथ फैशन डिजाइनिंग का कोर्स भी कर रही थी। इस दौरान उसका नाइट पार्टियों और फैशन शो में आना-जाना बढ़ा, जहां वह ड्रग्स की लत का शिकार हो गई। धीरे-धीरे उसकी मुलाकात बड़े पैडलर्स से हुई और पैसे व लाइफस्टाइल के लालच में वह खुद इस धंधे में कूद पड़ी। शुरुआत में वह दिल्ली से ड्रग्स मंगवाती थी, बाद में उसका नेटवर्क पंजाब, हरियाणा और मुंबई तक फैल गया।
हाई-प्रोफाइल पार्टियां और विदेश यात्राएं
नव्या की गिरफ्तारी के बाद यह भी सामने आया है कि उसके कनेक्शन छत्तीसगढ़ के बड़े कारोबारियों, अधिकारियों और राजनीतिक हस्तियों तक फैले हुए हैं। वह नाइट क्लब, पब, फार्महाउस और वीवीआईपी पार्टियों में ड्रग्स सप्लाई करती थी। नव्या दुबई, चीन, बैंकॉक और सिंगापुर जैसे देशों में भी नाइट पार्टियों में शामिल हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, वह इन पार्टियों में MDMA और हेरोइन जैसे खतरनाक ड्रग्स उपलब्ध करवाती थी।
कबूलनामे में बड़े राज
पुलिस पूछताछ में नव्या ने कबूल किया है कि वह कई बड़े होटलों और वीवीआईपी इलाकों में सप्लाई करती थी। एक शराब कारोबारी के बेटे का नाम भी इस नेटवर्क से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस अब उसकी चैट और बैंक लेन-देन से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने में जुटी है।
राजनीति में बढ़ी गर्माहट
इस मामले पर सियासत भी गरमा गई है। बीजेपी सांसद संतोष पांडेय और बृजमोहन अग्रवाल ने आरोप लगाया कि नव्या का कांग्रेस से करीबी रिश्ता है और कांग्रेस नशे के कारोबारियों को संरक्षण देती रही है। वहीं, कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी युवाओं को रोजगार देने में विफल रही और ड्रग्स का जाल फैलाकर समाज को बर्बाद किया जा रहा है।
पुलिस की अगली जांच
फिलहाल नव्या पुलिस रिमांड में है। उसके जरिए पुलिस कई बड़े ड्रग्स सिंडिकेट तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कई और हाई-प्रोफाइल नाम बेनकाब हो सकते हैं।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
