पीएम मोदी की जापान यात्रा : भारत-जापान रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प
Central News Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जापान यात्रा का दूसरा दिन बेहद व्यस्त और ऐतिहासिक रहा। इस दौरान भारत और जापान के प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा ने द्विपक्षीय संबंधों को “स्पेशल स्ट्रैटेजिक एंड ग्लोबल पार्टनरशिप” की नई ऊंचाइयों पर ले जाने की प्रतिबद्धता जताई। दोनों नेताओं ने न केवल आर्थिक सहयोग बल्कि वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए भी मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
साझेदारी का नया रोडमैप
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और जापान दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और जीवंत लोकतंत्र हैं, इसलिए उनकी साझेदारी केवल द्विपक्षीय हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह “बेहतर विश्व व्यवस्था” की नींव है।
दोनों देशों ने अगले दस वर्षों का एक व्यापक रोडमैप तैयार किया है, जिसमें शामिल हैं –
निवेश और इनोवेशन, इकोनॉमिक सिक्योरिटी, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास, स्वास्थ्य सेवाएं, टेक्नोलॉजी और हाई-टेक सहयोग, राज्यों और जापानी प्रान्तों के बीच सीधा साझेदारी, कार्यक्रम भारत ने अगले दस साल में 10 ट्रिलियन येन (लगभग ₹5.5 लाख करोड़) का निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य रखा है।

सतत विकास और ऊर्जा सहयोग
दोनों देशों ने सस्टेनेबल फ्यूल्स इनिशिएटिव और बैटरी सप्लाई चेन पार्टनरशिप शुरू करने का ऐलान किया। इसके साथ ही इकोनॉमिक सिक्योरिटी कोऑपरेशन इनिशिएटिव की शुरुआत की गई, जिसके तहत रणनीतिक और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।
टेक्नोलॉजी और इनोवेशन साझेदारी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उच्च प्रौद्योगिकी दोनों देशों की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है। डिजिटल पार्टनरशिप 2.0 और एआई कोऑपरेशन इनिशिएटिव पर काम शुरू होगा। सेमीकंडक्टर और रेयर अर्थ मिनरल्स सहयोग के प्रमुख विषय हैं। भारत और जापान मिलकर इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण खनिजों की स्थिर सप्लाई चेन स्थापित करेंगे।
हाल ही में दोनों देशों ने आंध्र प्रदेश में टोयोटा त्सुशो की रेयर अर्थ रिफाइनिंग परियोजना पर सहमति जताई है।

राज्य-प्रान्त सहयोग – रिश्तों की नई दिशा
टोक्यो में प्रधानमंत्री मोदी ने जापान के 16 प्रान्तों के गवर्नरों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि “राज्य-प्रान्त सहयोग भारत-जापान मैत्री का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है।”
इस पहल के तहत स्टार्टअप, तकनीक, इनोवेशन, निवेश और एसएमई (लघु एवं मध्यम उद्योग) में नई संभावनाएं तलाशने पर जोर दिया गया।
बुलेट ट्रेन की सवारी – सेंदाई पहुंचे पीएम मोदी
आज सुबह पीएम मोदी और जापानी पीएम शिगेरु इशिबा ने बुलेट ट्रेन से टोक्यो से सेंदाई की यात्रा की। इसी शहर में भारतीय ड्राइवरों को बुलेट ट्रेन संचालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके बाद मोदी ने टोक्यो इलेक्ट्रॉन फैक्ट्री का दौरा भी किया।
आतंकवाद पर जापान का भारत को समर्थन
पहलगाम में हाल ही हुए आतंकी हमले पर जापान ने भारत का समर्थन किया और आतंकवाद की कड़ी निंदा की। दोनों देशों ने इस बात पर सहमति जताई कि आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक सहयोग और भी मज़बूत होना चाहिए।
चीन यात्रा की तैयारी
जापान यात्रा पूरी करने के बाद पीएम मोदी आज ही चीन रवाना होंगे, जहां वे शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह उनकी पिछले सात वर्षों में पहली चीन यात्रा होगी।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
