लाल किले से PM मोदी के 8 बड़े ऐलान, विपक्ष का तंज — ‘ड्रोन दीदी से नहीं जीती जाती लड़ाई’
Central News Desk: भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और रोजगार सृजन के लिए कई बड़े ऐलान किए। उनका संबोधन केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि ‘विकसित भारत 2047’ का रोडमैप था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत 10 नए परमाणु रिएक्टरों पर तेजी से काम कर रहा है और 2047 तक परमाणु ऊर्जा क्षमता को 10 गुना बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने “नमो ड्रोन दीदी” योजना के तहत ग्रामीण महिलाओं को नई पहचान मिलने का जिक्र किया और 3 करोड़ ‘लखपति दीदी’ बनाने का संकल्प दोहराया।
विपक्ष का तंज
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा —
“न्यूक्लियर से डरना नहीं है, ये ठीक है, लेकिन ड्रोन दीदी से वॉर नहीं जीती जाती, फौज को मजबूत करो और अग्निवीर व्यवस्था खत्म करो।”
पीएम मोदी के इस भाषण को सोशल मीडिया पर व्यापक समर्थन मिला, लेकिन विपक्ष ने इसे चुनावी वादों से ज्यादा कुछ नहीं बताया
10 नए परमाणु रिएक्टर और ऊर्जा क्षमता में 10 गुना बढ़ोतरी
पीएम मोदी ने बताया कि भारत 10 नए परमाणु रिएक्टरों पर तेज़ी से काम कर रहा है। 2047 तक देश की परमाणु ऊर्जा क्षमता में 10 गुना वृद्धि की जाएगी। यह कदम हरित ऊर्जा और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में अहम साबित होगा।
‘नमो ड्रोन दीदी’ और ‘लखपति दीदी’ पहल
ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए ‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना को रफ्तार दी जाएगी। पीएम ने एक महिला की कहानी सुनाई जिसे गांव में लोग अब “पायलट” कहकर बुलाते हैं। उन्होंने 3 करोड़ महिलाओं को सालाना 1 लाख रुपये से अधिक कमाने वाली ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य भी रखा।
भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण की शुरुआत
देश में पहली बार ‘मेड इन इंडिया चिप’ का निर्माण इस साल के अंत तक पूरा होगा। पीएम ने कहा कि दशकों पुराना सपना अब साकार होने जा रहा है, जो भारत को तकनीकी महाशक्ति बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।
दिवाली पर नेक्स्ट-जेनरेशन GST सुधार
पीएम मोदी ने दिवाली तक GST में बड़े सुधारों की घोषणा की। जरूरी सामानों पर टैक्स में कटौती और MSME व छोटे व्यापारियों को राहत दी जाएगी। यह आर्थिक विकास को नई गति देगा।
10 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लिए रिफॉर्म टास्क फोर्स
भारत को 2047 तक 10 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए एक विशेष “रिफॉर्म टास्क फोर्स” का गठन किया जाएगा, जो सुशासन, निवेश माहौल और प्रतिस्पर्धा क्षमता बढ़ाने पर काम करेगी।
1 लाख करोड़ की विकसित भारत रोजगार योजना
3 करोड़ युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए सरकार 1 लाख करोड़ रुपये की योजना शुरू करेगी। इसके तहत नए रोजगार पाने वाले युवाओं को 15,000 रुपये प्रतिमाह सहायता दी जाएगी।
जनसंख्या असंतुलन से निपटने के लिए हाई-पावर्ड मिशन
सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध घुसपैठ और जनसंख्या असंतुलन को रोकने के लिए “हाई-पावर्ड डेमोग्राफी मिशन” बनाया जाएगा।
ऊर्जा स्वतंत्रता के लिए ‘समुद्र मंथन’ मिशन
तेल, गैस और कोयले के आयात पर निर्भरता कम करने के लिए “नेशनल डीपवॉटर एक्सप्लोरेशन मिशन” लॉन्च होगा, साथ ही सौर, हाइड्रोजन और हाइड्रो पावर में निवेश बढ़ेगा।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
