बिहार चुनाव 2025: पप्पू यादव ने किया बड़ा संकेत, बोले– कांग्रेस कहे तो छोड़ देंगे सांसदी, लड़ेंगे विधायकी

0
pappu-yadav_

Bihar News Desk: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर कांग्रेस पार्टी चाहेगी तो वे लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर विधानसभा चुनाव मैदान में उतरने को तैयार हैं।

पप्पू यादव ने कहा कि “कांग्रेस के पास बिहार में कोई जननेता नहीं है। अगर पार्टी कहेगी तो मैं सांसदी छोड़ दूंगा और विधायकी का चुनाव लड़ूंगा।” उनके इस बयान से बिहार की सियासत में नई चर्चा छिड़ गई है।

कांग्रेस से नजदीकी, निर्दलीय जीत

बता दें कि पप्पू यादव ने लोकसभा चुनाव 2024 से पहले अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय कर दिया था। हालांकि, पूर्णिया सीट गठबंधन के तहत राजद के हिस्से में चली गई थी, जहां से राजद ने बीमा भारती को उम्मीदवार बनाया। इस स्थिति में पप्पू यादव ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।

आधिकारिक रूप से वे अभी भी निर्दलीय सांसद हैं, लेकिन उनकी नजदीकी कांग्रेस से जगजाहिर है। उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के साथ मंच साझा किया, वोटर अधिकार यात्रा में सक्रिय भूमिका निभाई और उपराष्ट्रपति चुनाव में भी इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार को समर्थन दिया।

कोसी-सीमांचल में प्रभाव

पप्पू यादव की गिनती बिहार के कोसी और सीमांचल क्षेत्र में कांग्रेस के बड़े नेताओं में होती है। उनका कहना है कि कांग्रेस नेतृत्व चाहे तो वे सांसदी छोड़कर बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने को तैयार हैं। हालांकि, कांग्रेस नेतृत्व की ओर से उनके बयान पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

नेपाल पर टिप्पणी

सिर्फ बिहार ही नहीं, पप्पू यादव ने नेपाल में चल रहे युवाओं के आंदोलन पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत का रोटी–बेटी का रिश्ता है, लेकिन भारत सरकार की कूटनीति नाकाम साबित हो रही है। नेपाल में चीन का बढ़ता दखल भारत के लिए खतरे की घंटी है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत की हालत नेपाल से बेहतर नहीं है, यहाँ भी नेताओं और व्यवस्था के खिलाफ जनता का आक्रोश बढ़ता जा रहा है और विद्रोह की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

कांग्रेस का रुख

वहीं, कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने कहा कि नेपाल में शांति बहाली होनी चाहिए। सरकार अगर युवाओं या किसी भी वर्ग की उपेक्षा करेगी तो आक्रोश पनपेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह बात भारत पर भी लागू होती है।

उपराष्ट्रपति चुनाव पर निशाना

पप्पू यादव ने उपराष्ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वालों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “ये लोग ED और CBI का डर दिखाकर पार्टियों को दबाते हैं। जिन दलों ने INDIA गठबंधन में रहते हुए धोखा दिया, उन्हें आत्मा से सवाल करना चाहिए कि क्या उन्होंने लोकतंत्र और संविधान का भला किया है। संविधान की असली रक्षा सिर्फ राहुल गांधी और INDIA गठबंधन ही कर सकते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *