मुस्लिम युवती ने अपनाया सनातन धर्म, महादेवगढ़ मंदिर में हिंदू युवक से विवाह
Central News Desk: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में एक मुस्लिम युवती ने हिंदू धर्म को अपना लिया है। धर्म परिवर्तन के बाद युवती का नाम साजिया खान से शारदा हो गया। सनातन धर्म अपनाने के बाद शारदा ने अपने प्रेमी मयूर, जो हिंदू समुदाय से हैं, के साथ महादेवगढ़ मंदिर में सात फेरे लेकर विवाह किया।इस मामले की चर्चा पूरे इलाके में हो रही हैं।
एक ही गांव से ताल्लुक
जानकारी के अनुसार, शारदा (पूर्व में साजिया खान) और मयूर दोनों भीकनगांव तहसील के चिल्टिया गांव के रहने वाले हैं। बताया जा रहा हैं कि दोनों एक-दूसरे को कई सालों से पसंद करते थे और शादी करना चाहते थे, लेकिन मजहब की दीवार दोनों को एक होने से रोक रही थी। लेकिन साजिया ने इस दीवार को तोड़कर अपने जीवनसाथी को पा लिया।
स्वेच्छा से धर्म परिवर्तन
युवती साजिया अपनी इच्छा से खंडवा के महादेवगढ़ पहुंची, जहां उसने प्रायश्चित अनुष्ठान में शामिल होकर सनातन धर्म अपनाया। इसके बाद मंदिर के पुजारी ने सभी धार्मिक विधियों के साथ शारदा और मयूर का विवाह संपन्न कराया।
महादेव को साक्षी मानकर फेरे
शारदा और मयूर ने महादेव को साक्षी मानकर अग्नि के चारों ओर सात फेरे लिए और जीवनभर साथ निभाने का वचन दिया। विवाह समारोह के दौरान स्थानीय लोग भी मौजूद रहे, जिन्होंने नवदंपति को आशीर्वाद दिया।
