यूरिया वितरण में गुंडागर्दी पर त्वरित कार्रवाई, जिला प्रशासन की तत्परता से आरोपी गिरफ्तार

0
theheadlinetoday

Unnao News Desk: बी. पैक्स लिमिटेड खम्भौली (वि. खण्ड गंज मुरादाबाद) एवं बी. पैक्स मादापुर (वि. खण्ड बांगरमऊ) के सचिवों व कर्मचारियों के साथ हाल ही में यूरिया वितरण के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा की गई गुंडागर्दी, मारपीट एवं गंभीर अभद्र आचरण की घटना के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इस तत्परता को लेकर सहकारी संस्थाओं से जुड़े लोगों में संतोष और विश्वास का वातावरण देखने को मिला।

घटना के बाद दर्ज एफआईआर पर हुई शीघ्र कार्रवाई के क्रम में जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अरुण सिंह ने विशेष रूप से जिलाधिकारी गौरांग राठी से भेंट कर उन्हें प्रतीक चिन्ह एवं पुष्प गुच्छ प्रदान कर धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सक्रियता से सहकारी संस्थानों के कर्मचारियों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

वार्ता के दौरान जिलाधिकारी गौरांग राठी ने स्पष्ट आश्वासन दिया कि भविष्य में बी. पैक्स के किसी भी कर्मचारी को असुरक्षित महसूस नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यूरिया वितरण जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में व्यवधान डालने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कर्मचारियों को हर संभव सुरक्षा प्रदान की जाएगी।

इस घटनाक्रम से सहकारी समितियों से जुड़े सचिवों व कर्मचारियों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है और उन्होंने एक स्वर से कहा कि प्रशासन की सक्रिय भूमिका से अब वे निर्भय होकर किसानों की सेवा में अपना योगदान दे सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *