Mahagathbandhan Seat Sharing : Bihar में सीट बंटवारे पर संग्राम, लालू ने शुरू किया टिकट वितरण!
Congress–RJD के बीच खींचतान जारी, तेजस्वी बोले – सब ठीक है, जल्द बनेगी सहमति
Bihar Chunav 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन (RJD–Congress–Left–VIP) में सीट शेयरिंग को लेकर जबरदस्त घमासान मचा हुआ है। सभी दल अपनी-अपनी शर्तों पर अड़े हैं, जिसके चलते अब तक कोई अंतिम फार्मूला तय नहीं हो सका है। इस बीच आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अपने पसंदीदा उम्मीदवारों को टिकट देना शुरू कर दिया है, जिससे अंदरूनी खींचतान और तेज हो गई है।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस 60 से कम सीटों पर समझौते को तैयार नहीं है, जबकि आरजेडी 135 से नीचे लड़ने को तैयार नहीं दिख रही। लेफ्ट पार्टियों को लगभग 29 सीटें मिल सकती हैं, जबकि 18 से 19 सीटों का बंटवारा वीआईपी पार्टी, झामुमो, और पशुपति पारस के गुट के बीच संभव है।

इस बीच आरजेडी नेता तेजस्वी यादव दिल्ली से लौट आए हैं, लेकिन उन्होंने न तो राहुल गांधी से मुलाकात की और न ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से। बताया जा रहा है कि के.सी. वेणुगोपाल के साथ मीटिंग में भी कोई अंतिम निर्णय नहीं हो पाया। तेजस्वी ने हालांकि माहौल शांत रखने की कोशिश करते हुए कहा, “गठबंधन में सब ठीक है, एक-दो दिनों में सीटों की घोषणा कर दी जाएगी। हमारा ध्यान केवल बिहार की जीत और बदलाव पर है।”
वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने भी तनाव कम करने की कोशिश की और कहा, “सब अच्छा है, गठबंधन एकजुट है और बहुत जल्द घोषणा होगी। हम डॉक्टर लेकर आ गए हैं, अब गठबंधन का तबीयत बिल्कुल ठीक है।”
इधर पटना स्थित 10, सर्कुलर रोड पर लालू यादव के आवास के बाहर टिकट दावेदारों की भीड़ लगी रही। कुछ नेताओं को आरजेडी का ‘लालटेन’ सिंबल मिल चुका है, जिनमें सुनील सिंह (परबत्ता), नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो (मटिहानी), भाई वीरेंद्र, चंद्रशेखर यादव (मधेपुरा) और इसराइल मंसूरी (कांटी) शामिल हैं।
वहीं, भाकपा (माले) ने भोजपुर जिले की तीन सीटों — तरारी, अगिआंव और आरा — से अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। क्रमशः मदन सिंह चंद्रवंशी, शिव प्रकाश रंजन, और कयामुद्दीन अंसारी को टिकट दिया गया है। माले अब तक कुल सात उम्मीदवार मैदान में उतार चुकी है।
बिहार की राजनीति में अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या महागठबंधन सीट बंटवारे पर सहमति बना पाएगा, या फिर इस बार चुनाव से पहले ही गठबंधन में दरार पड़ जाएगी।
news Journalist
