दिग्गज अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव का निधन, राजनीतिक और फिल्मी जगत में शोक की लहर

0
WhatsApp Image 2025-07-13 at 11.53.30 AM

Entertainment News Desk: भारतीय सिनेमा के प्रतिष्ठित अभिनेता और पूर्व विधायक कोटा श्रीनिवास राव का 83 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने हैदराबाद के जुबली हिल्स स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से न सिर्फ सिनेमा जगत बल्कि राजनीतिक हलकों में भी शोक की लहर दौड़ गई है।

रवि किशन ने दी श्रद्धांजलि

बीजेपी सांसद और अभिनेता रवि किशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा,
“तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकार कोटा श्रीनिवास राव जी का निधन बेहद दु:खद और अपूरणीय क्षति है। उनकी अद्भुत अभिनय प्रतिभा हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेगी। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें और परिवारजनों को संबल प्रदान करें।”

मुख्यमंत्री नायडू और रेवंत रेड्डी ने जताया शोक

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि
“लगभग चार दशकों तक फिल्म और रंगमंच में योगदान देने वाले कोटा श्रीनिवास राव ने अपनी विविध भूमिकाओं से दर्शकों के दिलों में विशेष स्थान बनाया। उनका निधन तेलुगु सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति है।” उन्होंने याद दिलाया कि राव 1999 में विजयवाड़ा से विधायक भी रह चुके हैं।

वहीं, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने भी शोक जताते हुए कहा,
“वरिष्ठ अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव का निधन एक गहरा सदमा है। भले ही वह अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी कला और अभिनय सदैव हमारे बीच जीवित रहेगा।”

विष्णु मांचू ने भावुक श्रद्धांजलि दी

अभिनेता विष्णु मांचू ने कोटा श्रीनिवास राव के साथ बिताए पलों को याद करते हुए लिखा,
“उनकी उपस्थिति हर फ्रेम में जान भर देती थी। चाहे खलनायक हों, चरित्र अभिनेता या कॉमिक रोल – उन्होंने हर किरदार को जीवंत बना दिया। उनकी कला, उनकी हंसी और उनका आत्मीय व्यवहार सदैव याद रहेगा।”

750 से अधिक फिल्मों में निभाया किरदार

कोटा श्रीनिवास राव ने अपने चार दशक लंबे करियर में 750 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। तेलुगू और तमिल सिनेमा के अलावा उन्होंने हिंदी फिल्मों में भी अभिनय किया। उन्हें विशेष रूप से निगेटिव और हास्य भूमिकाओं के लिए जाना जाता था। अभिनय के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री सम्मान भी मिल चुका है।

भारतीय सिनेमा ने एक ऐसा रत्न खो दिया है जिसकी भरपाई संभव नहीं। उनका जाना अभिनय जगत के लिए एक युग का अंत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *