भाजपा का आरोप: खरगे ने राष्ट्रपति मुर्मू के खिलाफ की आपत्तिजनक टिप्पणी, माफी की मांग तेज

0
21_01_2025-mallikarjun_kharge_priyanka_gandhi_23870796

Central News Desk: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का गंभीर आरोप लगाया है। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने इस बयान को आदिवासी, दलित, महिला और संविधान विरोधी करार दिया है।

गौरव भाटिया ने प्रेस वार्ता में कहा, “राहुल गांधी के इशारे पर रिमोट कंट्रोल से चलने वाले खरगे लगातार आदिवासी महिला राष्ट्रपति का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रपति मुर्मू को ‘मुर्मा जी’ और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को ‘कोविड’ कहकर संबोधित किया। इतना ही नहीं, उन्होंने राष्ट्रपति को भूमाफिया तक बता दिया।”

भाजपा ने इस बयान को कांग्रेस की मानसिकता का प्रतिबिंब बताया। गौरव भाटिया ने कहा, “पूरा देश जानता है कि अगर कोई भूमाफिया है तो वह खुद को गांधी कहने वाला परिवार है।”

कांग्रेस पर आदिवासी विरोधी रवैये का आरोप

भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेताओं द्वारा लगातार राष्ट्रपति मुर्मू का अपमान किया जा रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने उन्हें ‘राष्ट्रपत्नी’ कहा था और उदित राज ने टिप्पणी की थी कि देश को द्रौपदी मुर्मू जैसी राष्ट्रपति नहीं चाहिए। वहीं अजय कुमार ने राष्ट्रपति को “बुरी मानसिकता” वाली कहा था।

भाजपा की मांग – सार्वजनिक रूप से माफी मांगें खरगे

भाजपा ने मल्लिकार्जुन खरगे से अपने बयान के लिए सार्वजनिक माफी की मांग की है। गौरव भाटिया ने कहा कि यह कोई ‘जुबान फिसलना’ नहीं बल्कि जानबूझकर किया गया अपमान है, जो दर्शाता है कि कांग्रेस को आदिवासी नेतृत्व से असहजता है।

इस मुद्दे पर सियासी तापमान बढ़ता जा रहा है और अब देखना होगा कि कांग्रेस इस पर क्या रुख अपनाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed