कानपुर में अधिवक्ता को फंसाने की साजिश बेनकाब: कागज पर अंगूठा लगवाकर कराया फर्जी दुष्कर्म केस, 10 हजार रुपये में रची गई चाल

0
akhilesh-dubey-kanpur-case

Central News Desk: कानपुर में अधिवक्ता संदीप शुक्ला को फंसाने के लिए रची गई बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस की चार्जशीट में खुलासा हुआ है कि एक गरीब युवती को पैसों का लालच देकर उसके अंगूठे के निशान सादे कागजों पर लिए गए और उन कागजों का इस्तेमाल कोर्ट के जरिए फर्जी एफआईआर दर्ज कराने में किया गया।

चार्जशीट के अनुसार, युवती ने कबूल किया कि उसे बड़ी बहन की शादी के लिए पैसों की जरूरत थी। आरोपियों ने उसे 10 हजार रुपये दिए और ब्याज के नाम पर 4-5 सादे पन्नों पर अंगूठे के निशान लिए। बाद में उन्हीं पन्नों का इस्तेमाल दुष्कर्म की फर्जी रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए किया गया।

करीब 250 पन्नों की चार्जशीट में अखिलेश दुबे, पप्पू स्मार्ट, गुड्डू गुप्ता और चकेरी की एक महिला का नाम सामने आया है। पुलिस ने महिला और गुड्डू गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। वहीं, मुख्य आरोपी अखिलेश दुबे पहले से ही भाजपा नेता रवि सतीजा केस में जेल में है।

युवती ने बयान में किया खुलासा

कोतवाली पुलिस के मुताबिक लाल बंगला निवासी युवती घरों में काम करती थी। कपड़े और अन्य सामान के लिए वह गुड्डू गुप्ता की दुकान पर जाती थी। बहन की शादी के लिए रुपये मांगने पर गुड्डू ने उसकी मुलाकात पप्पू स्मार्ट से कराई और फिर स्कूटी पर बैठाकर उसे अखिलेश दुबे के पास ले गया। वहां 10 हजार रुपये दिए गए और गारंटी के नाम पर कागजों पर अंगूठे के निशान लिए गए। युवती को यह नहीं पता था कि इनका इस्तेमाल एफआईआर में होगा।

बदला लेने के लिए रची गई साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि अधिवक्ता संदीप शुक्ला ने पहले पप्पू स्मार्ट और गुड्डू गुप्ता पर जमीन कब्जाने की एफआईआर दर्ज कराई थी। इसी का बदला लेने के लिए यह साजिश रची गई। आरोपियों ने झूठी दुष्कर्म रिपोर्ट दर्ज कराई और बाद में केस खत्म करने के लिए रंगदारी मांगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed