जैसलमेर में भीषण बस हादसा: चलती बस में लगी आग, 19 की दर्दनाक मौत, कई झुलसे

0
tlehhealinetoday

Central News Desk: राजस्थान के जैसलमेर जिले से एक दर्दनाक और हृदयविदारक खबर सामने आई है। जैसलमेर से जोधपुर जा रही एक निजी बस में शनिवार दोपहर अचानक आग लग गई, जिससे 19 यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा दोपहर करीब तीन बजे थईयात गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बस के पिछले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक ने बस को सड़क किनारे रोकने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते बस आग के गोले में तब्दील हो गई। यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

आग इतनी भयंकर थी कि चंद मिनटों में पूरी बस जलकर राख हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई यात्रियों ने खिड़कियों से बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन घने धुएं और आग की लपटों के कारण ज्यादातर लोग बाहर नहीं निकल पाए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

जैसलमेर के जिला कलेक्टर प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे में कई यात्री झुलसे हैं, जिन्हें नजदीकी श्री जवाहर चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल राहत और चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बस में करीब चार दर्जन से अधिक यात्री सवार बताए जा रहे हैं।

इस दुखद हादसे के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा विशेष विमान से जैसलमेर पहुंचे। उनके साथ चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर भी मौजूद थे। सीएम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत कार्यों की समीक्षा की। इसके बाद वे जोधपुर रवाना हुए, जहां गंभीर रूप से झुलसे यात्रियों से मुलाकात कर रहे हैं।

सीएम भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर लिखा —

“जैसलमेर में बस में लगी आग की घटना अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुखद हादसे से प्रभावित नागरिकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के उपचार और प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभु श्रीराम दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।”

वहीं, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए कहा —

“चलती बस में आग लगने से हुए इस दर्दनाक हादसे की खबर अत्यंत दुखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति दे और परिवारों को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।”

स्थानीय प्रशासन की टीमें अब भी राहत और जांच में जुटी हैं। प्रारंभिक अनुमान है कि आग का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट हो सकता है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।

यह हादसा एक बार फिर बस सुरक्षा मानकों और वाहनों की तकनीकी जांच पर बड़े सवाल खड़े करता है। यात्रियों के लिए यह सफर हमेशा के लिए मातम में बदल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *