“भारत की बेटियों ने रचा इतिहास” — पहली बार महिला वनडे विश्व कप टीम इंडिया के नाम!
SPORT NEWS DESK: भारत की महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को नया इतिहास लिख दिया। आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 के फाइनल में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया। यह जीत न सिर्फ क्रिकेट बल्कि हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण बन गई है।
पहली बार भारत के नाम हुआ महिला वनडे विश्व कप
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट पर 298 रन बनाए।
जवाब में दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 246 रन पर सिमट गई। ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने अपनी शानदार गेंदबाजी से पांच विकेट झटके और मैच पलट दिया। दक्षिण अफ्रीका की कप्तान एल वोल्वार्ट की 101 रन की पारी भी टीम को जीत नहीं दिला सकी। यह भारत का पहला महिला वनडे विश्व कप खिताब है – महिला क्रिकेट इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होने वाला पल।
PM मोदी बोले — “यह जीत हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ऐतिहासिक जीत पर ट्वीट करते हुए लिखा —
“आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के फाइनल में भारतीय टीम की शानदार जीत! उनका प्रदर्शन अद्भुत कौशल और आत्मविश्वास से भरा था।यह जीत भविष्य के चैंपियन खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी।”
पीएम मोदी ने पूरी टीम को हार्दिक बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी।
अमित शाह ने कहा — ‘विश्व विजेता टीम इंडिया को सलाम!’
गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा —
“यह राष्ट्र के लिए गर्व का क्षण है। हमारी टीम ने आईसीसी महिला विश्व कप 2025 जीतकर भारत का गौरव नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। आपकी शानदार क्रिकेट प्रतिभा लाखों लड़कियों के लिए प्रेरणा है।”
खेल मंत्री और लोकसभा अध्यक्ष ने भी दी बधाई
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने एक्स पर लिखा —
“इतिहास रच दिया! हमारी ‘वूमेन इन ब्लू’ का प्रदर्शन शानदार रहा।
140 करोड़ भारतीय इस गर्व के पल का जश्न मना रहे हैं। विश्व चैंपियंस को बधाई!”
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा —
“महिला क्रिकेटरों ने पूरे देश का दिल जीत लिया है।
आपने सिर्फ ट्रॉफी नहीं, बल्कि हर भारतीय का दिल जीता है।”
पूरा देश मना रहा जश्न
भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है।
सोशल मीडिया पर “#WomenInBlue”, “#TeamIndia” और “#WorldChampions2025” ट्रेंड कर रहे हैं।
खेल जगत से लेकर आम नागरिक तक, हर कोई टीम इंडिया की इस सफलता पर गर्व महसूस कर रहा है।
news Journalist
