ISIS की साजिश नाकाम: दिल्ली पुलिस ने दबोचे 5 आतंकी, बरामद हुए खतरनाक केमिकल

0
theheadlinetoday

Delhi News Desk: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए आतंकी संगठन आईएसआईएस (ISIS) के स्लीपर मॉड्यूल से जुड़े पाँच आतंकियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई देशभर में चलाए गए गुप्त ऑपरेशन का हिस्सा थी। गिरफ्तार आतंकियों में दो—आफताब और सूफियान—को दिल्ली से पकड़ा गया, जो मूल रूप से मुंबई के रहने वाले हैं। वहीं, तीसरा आतंकी अशहर उर्फ दानिश को रांची के तबराक लॉज से दबोचा गया, जहाँ वह 2025 से छात्र बनकर छिपा हुआ था। इसके अलावा एक आतंकी हैदराबाद और एक मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया गया।

ऑपरेशन की अहमियत और बरामद सामान

दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से कई राज्यों में छापेमारी की। इस दौरान आतंकियों के ठिकानों से खतरनाक रसायन और तकनीकी उपकरण मिले, जिनका इस्तेमाल रासायनिक हथियार बनाने में किया जा सकता था। बरामद सामग्री में हाइड्रोक्लोरिक एसिड, नाइट्रिक एसिड, सोडियम बाइकार्बोनेट और सल्फर पाउडर जैसे रसायन शामिल हैं। इसके अलावा PH वैल्यू चेकर, वेटिंग मशीन, बीकर सेट, सेफ्टी ग्लव्स, रेस्पिरेटरी मास्क, लैपटॉप, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी मिले।

सबसे अहम बात यह है कि बरामद प्लास्टिक बॉक्स में स्ट्रिप वायर, सर्किट, मदरबोर्ड, डायोड्स और बॉल बेयरिंग भी पाए गए, जो बम बनाने में इस्तेमाल हो सकते थे।

आतंकी मॉड्यूल का नेटवर्क

जांच में यह खुलासा हुआ है कि सभी गिरफ्तार आतंकी आईएसआईएस के स्लीपर मॉड्यूल से जुड़े हुए थे। इनका मकसद ज्यादा से ज्यादा युवाओं को अपने नेटवर्क में शामिल करना और देशभर में बड़े आतंकी हमलों की साजिश रचना था। दानिश और आफताब को केमिकल हथियार बनाने का विशेषज्ञ माना जा रहा है। पुलिस को संदेह है कि इनके निशाने पर दिल्ली और अन्य बड़े शहरों के महत्वपूर्ण स्थान थे।

गिरफ्तारी की कहानी

9 सितंबर को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को एक गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर आफताब को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। शुरुआती पूछताछ में पता चला कि वह दिल्ली में एक बड़े आतंकी हमले की योजना बना रहा था। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने झारखंड एटीएस और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर रांची के इस्लामनगर इलाके में छापेमारी की और अशहर उर्फ दानिश को हिरासत में लिया। दोनों के बीच लगातार संपर्क था और वे मिलकर बड़े हमलों की साजिश रच रहे थे।

अब तक पुलिस ने देशभर में 12 ठिकानों पर छापेमारी की है और आठ से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ जारी है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि यह मॉड्यूल किन-किन राज्यों में सक्रिय था और इनके संपर्क विदेश तक फैले हुए हैं या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *