जेएनयू में गोदावरी हॉस्टल में मिला कोरोना का मामला, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
Capital News Desk: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के गोदावरी हॉस्टल में कोरोना संक्रमण का एक मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से एडवाइजरी जारी की है। संक्रमण को फैलने से रोकने और कैंपस में सतर्कता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
सभी को एहतियात बरतने की सलाह
एडवाइजरी में छात्रों, शिक्षकों, स्टाफ और परिसर में रहने वाले सभी लोगों को नियमित रूप से हाथ धोने, सैनिटाइज़र का उपयोग करने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनने की सलाह दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्कूलों और विशेष केंद्रों में कोविड निगरानी समितियों के गठन का निर्देश दिया है, जो इन एहतियाती उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी करेंगी।

कोरोना संक्रमित छात्र की स्थिति सामान्य
संक्रमित छात्र को केवल सिरदर्द की शिकायत है और वह होम आइसोलेशन में है। बुखार या गले में खराश जैसे अन्य कोई गंभीर लक्षण नहीं हैं। जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष नीतीश कुमार और उपाध्यक्ष मनीषा ने विश्वविद्यालय के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली। सीएमओ ने स्पष्ट किया है कि मौजूदा हालात घबराने वाले नहीं हैं और टीकाकरण के कारण लक्षण हल्के हैं।
छात्र संघ ने की कोविड केयर सेंटर की मांग
जेएनयू छात्र संघ ने यह भी अपील की है कि हॉस्टल खाली करने संबंधी कोई एडवाइजरी न जारी की जाए जिससे छात्रों में अनावश्यक डर फैले। छात्र संघ सचिव मुंतेहा ने मांग की है कि कैंपस में एक अलग कोविड केयर सेंटर स्थापित किया जाए ताकि भविष्य में जरूरत पड़ने पर संक्रमित छात्रों को तत्काल सहायता मिल सके।
आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी
विश्वविद्यालय प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर 011-26741636 और 011-26704766 जारी किए हैं। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया है कि किसी भी छात्र, कर्मचारी या उनके परिजनों में संक्रमण की पुष्टि होने पर तुरंत संबंधित वार्डन और स्वास्थ्य केंद्र को सूचित किया जाए।
छात्र संघ और प्रशासन की अपील है कि सभी छात्र शांत रहें, घबराएं नहीं और स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें ताकि विश्वविद्यालय परिसर सुरक्षित बना रहे।
