छठ महापर्व पर डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, आस्था और भक्ति से सराबोर हुआ उन्नाव का छठ महापर्व

0
theheadlinetoday

उन्नाव में आस्था का सैलाब, चंद्रशेखर आजाद पार्क में हुआ भव्य छठ पूजन

Unnao News Desk: महापर्व पर रविवार को खरना पूजन के साथ निर्जला व्रत रखने वाली महिलाओं ने सोमवार की शाम पूरे श्रद्धाभाव से डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। संतान की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ शहर के घाटों और अस्थाई तालाबों पर “छठी मैया के जयकारे” गूंजते रहे।

भक्ति में डूबी महिलाएं, गूंजे पारंपरिक गीत
शाम होते ही व्रती महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सजकर पूजा स्थल पर पहुंचीं। भक्ति गीतों और लोकधुनों के बीच महिलाओं ने मिट्टी की मठिया और बेदी पर छठी मैया की पूजा-अर्चना की। ठेकुआ, फल, गन्ना, नारियल और सूप-डली से सजी पूजा सामग्री के साथ श्रद्धालु डूबते सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचे।

अस्थाई तालाब में दी गई अर्घ्य अर्पणा
आवास विकास कॉलोनी स्थित चंद्रशेखर आजाद पार्क में नगर पालिका और स्थानीय सभासद की ओर से भव्य छठ पूजन का आयोजन किया गया। यहां दोपहर बाद से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। देर शाम जब सूर्य अस्ताचल की ओर बढ़ा तो व्रती महिलाएं पानी में खड़ी होकर हाथ जोड़ “छठी मईया” से संतान की दीर्घायु की प्रार्थना करती रहीं।

सिंदूर चढ़ाया, मंगलकामनाओं से भरा माहौल
महिलाओं ने पूजा के बाद छठ मैया को सिंदूर अर्पित किया और स्वयं भी माथे पर सिंदूर लगाया। पारंपरिक रीति से पूजा संपन्न करने के बाद सभी के चेहरों पर संतोष और श्रद्धा झलकती रही।

जनप्रतिनिधियों ने भी की सहभागिता
कार्यक्रम में सदर विधायक पंकज गुप्ता, रश्मि गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता भानू मिश्रा व उनके पति प्रवीण मिश्र, सभासद मुन्ना सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, संजीव शुक्ला, मुन्ना शुक्ला, समाजसेवी विमल द्विवेदी, पूर्व चेयरमैन रामचंद्र गुप्ता, अमित मिश्रा, सुरेंद्र वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए। सभी ने व्रती महिलाओं से आशीर्वाद लिया और छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं।

छठ महापर्व पर बोले सदर विधायक पंकज गुप्ता और नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता भानू मिश्रा

छठ महापर्व के इस पावन और दिव्य अवसर पर सदर विधायक पंकज गुप्ता ने चंद्रशेखर आजाद पार्क, आवास विकास में वरिष्ठ सभासद मुन्ना सिंह द्वारा आयोजित छठ पूजा कार्यक्रम में धर्मपत्नी रश्मि गुप्ता के साथ सम्मिलित होकर श्रद्धालुओं को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि “डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हुए सम्पूर्ण वातावरण भक्ति, आस्था और श्रद्धा से आलोकित हो उठा। ऐसा प्रतीत हुआ मानो सम्पूर्ण प्रकृति माँ छठी मइया के जयघोष में लीन हो गई हो। इस पवित्र बेला पर हृदय से यही प्रार्थना है कि माँ छठी मइया सबके जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि का प्रकाश फैलाएँ तथा हर घर में सदा आनंद और मंगल का वास बना रहे।”

वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता भानू मिश्रा ने कहा कि “सच्ची आस्था, आत्मिक शुद्धता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का यह पर्व भारतीय संस्कृति की अनुपम झलक प्रस्तुत करता है। छठ मैया सबके जीवन में सुख, समृद्धि और आरोग्य का आशीर्वाद प्रदान करें. जय छठी मइया।”

सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ ह व्रत का समापन हुआ
मंगलवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ यह चार दिवसीय व्रत संपन्न । श्रद्धालु महिलाओं ने कहा कि “छठ मैया सबकी मनोकामनाएं पूरी करें, यही हमारी प्रार्थना है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *