भाजपा और लोजपा सांसद की बढ़ाई गई सुरक्षा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को मिली Y कैटेगरी सिक्योरिटी
Central News Desk: राज्य सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए अहम फैसले के बाद तीन प्रमुख नेताओं की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दरभंगा से भाजपा सांसद गोपालजी ठाकुर, समस्तीपुर से लोजपा (रामविलास) सांसद शांभवी, और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व कुटुम्बा विधायक राजेश कुमार को अब वाई कैटेगरी सुरक्षा प्रदान की गई है।
इस श्रेणी में कुल आठ सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं, जिनमें प्रशिक्षित कमांडो और सशस्त्र पुलिस जवान शामिल होते हैं। गृह विभाग ने इस निर्णय के बाद डीजीपी और स्पेशल ब्रांच को पत्र भेजकर तुरंत सुरक्षा व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं।

सूत्रों के अनुसार, राज्य सुरक्षा समिति ने हालिया रिपोर्ट के आधार पर पाया कि इन नेताओं को सुरक्षा संबंधी खतरे की आशंका है। इसके बाद ही वाई श्रेणी सुरक्षा देने का निर्णय लिया गया। इस तरह की सुरक्षा व्यवस्था सामान्यतः उन नेताओं, उद्योगपतियों, जजों, सामाजिक कार्यकर्ताओं या अन्य वीवीआईपी को दी जाती है, जिन्हें खतरे का स्तर अधिक आंका जाता है।
गौरतलब है कि वाई कैटेगरी सुरक्षा का मतलब है कि संबंधित व्यक्ति के आवागमन और सार्वजनिक कार्यक्रमों में हमेशा 8 सुरक्षा कर्मी मौजूद रहेंगे। इनमें नजदीकी सुरक्षा के लिए कमांडो भी शामिल होते हैं।
इस फैसले के बाद से इन तीनों नेताओं की सुरक्षा और मजबूत हो गई है। भाजपा और लोजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने सरकार के इस कदम का स्वागत किया है, वहीं कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष को मिली सुरक्षा से कार्यकर्ताओं का हौसला और बढ़ेगा।
news Journalist
