बिहार चुनाव 2025 से पहले नीतीश सरकार का बड़ा ऐलान: आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं का मानदेय बढ़ा,

0
-nitish-kumar

Bihar News Desk: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार तोहफों की बरसात कर रहे हैं। सोमवार को सीएम ने एक साथ दो बड़े फैसले लिए, जिनका सीधा असर महिलाओं पर पड़ेगा। पहला – आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी, और दूसरा – महिलाओं के लिए 80 नई पिंक बस सेवाओं की शुरुआत।

सेविकाओं-सहायिकाओं का मानदेय बढ़ा

अब बिहार की आंगनबाड़ी सेविकाओं को 7,000 की जगह 9,000 रुपए प्रति माह और सहायिकाओं को 4,000 की जगह 4,500 रुपए प्रति माह मानदेय मिलेगा। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषण और स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही है। उनके इसी योगदान का सम्मान करते हुए यह फैसला लिया गया है।

नीतीश कुमार ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा – “आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं का योगदान अतुलनीय है। उनकी मेहनत और सेवा से लाखों परिवारों को लाभ मिला है। मानदेय बढ़ाकर उनका मनोबल और मजबूत होगा।”

महिलाओं के लिए पिंक बस सेवा

मानदेय वृद्धि के साथ ही सीएम नीतीश ने 80 नई पिंक बसों को हरी झंडी दिखाई। इन बसों में केवल महिलाएं ही सफर कर सकेंगी। सरकार का दावा है कि इससे महिलाओं का सफर ज्यादा सुरक्षित और आरामदायक होगा। इसके अलावा राज्यभर की 1,065 बसों में ई-टिकटिंग सुविधा भी शुरू की गई है, जिससे यात्रियों को टिकटिंग प्रक्रिया में आसानी होगी।

चुनाव से पहले रणनीति

नीतीश सरकार के ये ऐलान ऐसे समय में हुए हैं जब बिहार चुनाव करीब है। विश्लेषकों का मानना है कि सरकार महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को साधने की रणनीति पर काम कर रही है। आंगनबाड़ी सेविकाएं और सहायिकाएं ग्रामीण इलाकों में मजबूत नेटवर्क रखती हैं, जिससे चुनावी समीकरण पर असर पड़ सकता है।

सीएम नीतीश का संदेश

सीएम ने कहा कि उनकी सरकार 2005 से ही महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। नई घोषणाओं से समेकित बाल विकास परियोजना और मजबूत होगी, वहीं महिलाओं के आवागमन में भी सुरक्षा और सहूलियत बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *