औरंगाबाद एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में धक्का-मुक्की, आपसी कलह ने खोली अंदरूनी दरार

0
theheadlinetoday

Central News Desk: औरंगाबाद का गांधी मैदान शुक्रवार को एनडीए (NDA) की कार्यकर्ता बैठक का गवाह बना, लेकिन यह बैठक चुनावी रणनीति बनाने के बजाय आपसी कलह और गुटबाजी के कारण सुर्खियों में रही। मंच से एकता और अनुशासन की बातें हो रही थीं, जबकि ठीक नीचे कार्यकर्ता आपस में भिड़ते नजर आए।

दरअसल, कार्यक्रम की शुरुआत में ही औरंगाबाद विधानसभा से भाजपा टिकट के दावेदार अनिल कुमार सिंह के समर्थकों को किसी मुद्दे पर आपत्ति हुई। उन्होंने इसे अपमान माना और मौके पर ही विरोध जताना शुरू कर दिया। विरोध धीरे-धीरे नारेबाजी में बदल गया और जल्द ही उनके समर्थक सतीश सिंह खेमे के कार्यकर्ताओं से भिड़ गए। देखते ही देखते धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई। मंच पर बैठे नेताओं ने शांति की अपील की, लेकिन भीड़ काबू में नहीं आई।

यह घटना कोई पहली बार नहीं है। हाल ही में नबीनगर में जदयू के दो दिग्गज नेताओं – पूर्व विधायक वीरेंद्र कुमार सिंह और संजीव सिंह – ने मंच पर ही भिड़ंत कर दी थी। वहीं, एक निजी टीवी डिबेट में भाजपा के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह और कांग्रेस विधायक आनंद शंकर सिंह के बीच हुई तीखी बहस भी सुर्खियों में रही।

लगातार हो रही इन घटनाओं ने साफ कर दिया है कि औरंगाबाद एनडीए के भीतर खेमेबाज़ी गहराती जा रही है। चुनाव से पहले की इन कलहों ने न केवल कार्यकर्ताओं की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि यह भी संकेत दिया है कि अंदरूनी विवाद अगर काबू में नहीं आए, तो इसका सीधा असर बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में गठबंधन की साख और प्रदर्शन पर पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *