आगरा: अवैध धर्मांतरण गैंग का खुलासा, मास्टरमाइंड ‘पास्टर जी’ सहित 8 गिरफ्तार
Central News Desk: आगरा पुलिस ने शाहगंज थाना क्षेत्र में चल रहे एक बड़े अवैध धर्मांतरण गैंग का पर्दाफाश किया है। इस सिंडिकेट का संचालन करने वाले मास्टरमाइंड की पहचान राजकुमार लालवानी के रूप में हुई है। पहले हिन्दू रहे राजकुमार ने धर्म परिवर्तन कर ईसाई धर्म अपनाया और इसके बाद खुद को पास्टर जी कहलाने लगे।
पुलिस ने बताया कि राजकुमार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों से संपर्क कर उन्हें धर्मांतरण के लिए प्रेरित करता था। उसकी टीम में 3 महिलाओं सहित कुल 8 लोग सक्रिय थे। यह गैंग हर रविवार सुबह 4 बजे ऑनलाइन मीटिंग करता था, जिसमें धर्मांतरण फैलाने और नए लोगों को जोड़ने की योजनाएं बनाई जाती थीं।
जांच में सामने आया है कि इस सिंडिकेट से भारत, दुबई और स्पेन के लोग जुड़े थे। वहीं, फंडिंग गल्फ कंट्रीज से होती थी। विदेशों से आने वाली भारी रकम राजकुमार की बेटी और अन्य साथियों के बैंक खातों में जमा होती थी। पुलिस ने खुलासा किया कि राजकुमार ने अपनी बेटी के नाम पर एक करंट अकाउंट खुलवा रखा था, जिसमें धर्मांतरण से जुड़ी बड़ी-बड़ी रकम आती थी।
पुलिस ने मास्टरमाइंड राजकुमार लालवानी उर्फ पास्टर जी समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस अवैध धर्मांतरण सिंडिकेट के और नेटवर्क की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी साजिश का पर्दाफाश किया जाएगा।
news Journalist
