जुनून, जज्बा और जीत — भारत की बेटियों ने रचा स्वर्ण अध्याय

0

भारत की बेटियों ने भारत को हमेशा के लिए गौरवान्वित कर दिया

SPORT NEWS DESK: नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए महिला वनडे विश्व कप 2025 के फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर इतिहास रच दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 298 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 246 रन पर सिमट गई। यह जीत भारत के महिला क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धि बन गई है 52 साल बाद टीम इंडिया ने पहली बार विश्व कप अपने नाम किया।

दीप्ति शर्मा का जादू, मैच पलट गया!

भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने अपनी शानदार गेंदबाजी से मैच का पासा पलट दिया। उन्होंने सिर्फ एक ओवर में दो बड़े विकेट लेकर दक्षिण अफ्रीका की उम्मीदें तोड़ दीं। दीप्ति ने कुल चार विकेट झटके और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहीं।
220 के स्कोर पर उन्होंने लाउरा वोल्वार्ट को कैच कराया और फिर अगली ही गेंद पर क्लो ट्रायोन को एल्बीडब्ल्यू कर दिया। इसी के साथ दक्षिण अफ्रीका की पारी लड़खड़ा गई।

वोल्वार्ट का शतक बेकार गया

दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लाउरा वोल्वार्ट ने शानदार 101 रन की पारी खेली। उन्होंने 98 गेंदों पर 11 चौके और एक छक्का लगाया। यह उनका लगातार दूसरा शतक था—इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में भी उन्होंने 169 रन बनाए थे।
लेकिन दीप्ति की स्पिन और भारतीय गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ के आगे वोल्वार्ट की यह पारी दक्षिण अफ्रीका को जीत नहीं दिला सकी।

मंधाना और शेफाली का बल्ला बोला

भारत की बल्लेबाजी में स्मृति मंधाना (68) और शेफाली वर्मा (84) ने टीम को मजबूत शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 121 रन जोड़े।
मध्यक्रम में कप्तान हरमनप्रीत कौर (52) और रिचा घोष ने तेज तर्रार पारी खेली। टीम इंडिया का स्कोर 298 तक पहुंचाने में इन चारों का अहम योगदान रहा।

टूर्नामेंट की स्टार — दीप्ति शर्मा और वोल्वार्ट

पूरे टूर्नामेंट में दीप्ति शर्मा सबसे ज्यादा 21 विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की कप्तान वोल्वार्ट ने सबसे ज्यादा 571 रन बनाए।
भारत की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने 434 रन बनाकर रन चार्ट में दूसरा स्थान हासिल किया।

भारत और दक्षिण अफ्रीका का सफर

ग्रुप स्टेज में दक्षिण अफ्रीका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 में से 5 मैच जीते और तीसरे स्थान पर रही। भारत ने 7 मैचों में 3 जीत और 1 बेनतीजा मुकाबले के साथ सेमीफाइनल का टिकट कटाया।
सेमीफाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराया, वहीं दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को शिकस्त दी। दोनों टीमें पहली बार फाइनल में आमने-सामने थीं।

ऐतिहासिक पल — जब भारत ने ट्रॉफी उठाई

जैसे ही आखिरी विकेट गिरा, पूरे स्टेडियम में “भारत माता की जय” और “जय हिंद” के नारे गूंज उठे।
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने ट्रॉफी उठाते ही कहा,

“यह जीत सिर्फ हमारी नहीं, पूरे देश की है। हमने आज इतिहास रचा है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *