अमेरिका में फिर एक भारतीय छात्र की हत्या, डलास में 28 वर्षीय चंद्रशेखर पोल को गोली मारकर मौत के घाट उतारा
हैदराबाद के चंद्रशेखर पोल की डलास में दर्दनाक मौत, परिवार ने केंद्र सरकार से बेटे का शव भारत लाने की लगाई गुहार
Central News desk: अमेरिका में भारतीय समुदाय पर हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। टेक्सास के डलास में शुक्रवार रात एक गैस स्टेशन पर काम कर रहे 28 वर्षीय भारतीय छात्र चंद्रशेखर पोल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना ने एक बार फिर प्रवासी भारतीयों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक, एक अज्ञात व्यक्ति ने चंद्रशेखर पोल पर अचानक गोली चलाई और मौके से फरार हो गया। घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह वारदात ठीक एक महीने बाद हुई है जब इसी शहर में भारतीय मूल के मोटल मैनेजर चंद्र मौली नागमल्लैया की सिर काटकर हत्या कर दी गई थी।
हैदराबाद के थे चंद्रशेखर, हायर स्टडीज के लिए गए थे अमेरिका
चंद्रशेखर पोल तेलंगाना के हैदराबाद के निवासी थे। भारत में डेंटल सर्जरी में ग्रेजुएशन करने के बाद वे वर्ष 2023 में उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गए थे। उन्होंने हाल ही में अपनी मास्टर डिग्री पूरी की थी और फुल-टाइम नौकरी की तलाश में पेट्रोल पंप पर पार्ट-टाइम जॉब कर रहे थे।
परिवार सदमे में, केंद्र सरकार से मदद की गुहार
हत्या की सूचना मिलते ही हैदराबाद स्थित उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार ने केंद्र सरकार से अपील की है कि चंद्रशेखर का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाया जाए। बीआरएस विधायक सुधीर रेड्डी और पूर्व मंत्री टी. हरीश राव शनिवार को चंद्रशेखर के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की।
हरीश राव ने कहा, “माता-पिता जिस दर्द से गुजर रहे हैं, यह जानना बेहद पीड़ादायक है। उनका बेटा, जिसे उन्होंने बड़े सपनों के साथ विदेश भेजा था, आज हमारे बीच नहीं है। हम राज्य सरकार और केंद्र से मांग करते हैं कि चंद्रशेखर के पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत लाने की पहल की जाए।”
डलास में लगातार दूसरी वारदात ने बढ़ाई चिंता
महज एक महीने पहले, डलास के डाउनटाउन सूट्स मोटल में 50 वर्षीय भारतीय मूल के मैनेजर चंद्र मौली ‘बॉब’ नागमल्लैया की हत्या ने भी दहशत फैला दी थी। उस समय एक सहकर्मी योर्डानिस कोबोस-मार्टिनेज ने वॉशिंग मशीन को लेकर विवाद के दौरान उनका सिर कलम कर दिया था। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
प्रवासी भारतीयों की सुरक्षा पर सवाल
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से भारतीय मूल के लोगों में दहशत का माहौल है। समुदाय के लोग अमेरिकी प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। वहीं भारत सरकार से उम्मीद जताई जा रही है कि वह अमेरिकी अधिकारियों से इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग करेगी।
news Journalist
