जेल से बाहर निकले सपा के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी, बोला – “स्वागत नहीं करोगे हमारा?”

0
irfaan-solanki

Central News Desk: कानपुर की सियासत में चर्चित नाम और समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी मंगलवार को लंबे समय बाद जेल से बाहर आ गए। इलाहाबाद हाईकोर्ट से गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मामले में जमानत मिलने के बाद देर शाम उनकी रिहाई हुई। बाहर निकलते ही इरफान का अंदाज़ और तेवर दोनों ही पूरी तरह सियासी रंग में नजर आए। कार में परिवार संग बाहर आते ही उन्होंने समर्थकों से कहा – “स्वागत नहीं करोगे हमारा?”। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई मायने निकाले जा रहे हैं।

विवादों से भरा रहा करियर

इरफान सोलंकी का राजनीतिक करियर हमेशा विवादों में घिरा रहा है। उन पर आगजनी, रंगदारी, जमीन कब्जाने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने जैसे कई संगीन आरोप दर्ज हैं। दिसंबर 2022 में जाजमऊ थाने के तत्कालीन इंस्पेक्टर अशोक कुमार दुबे की तहरीर पर उन पर गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज हुआ था। एफआईआर में साफ लिखा गया था कि इस गैंग का सरगना खुद इरफान सोलंकी है

जेल शिफ्टिंग और केस की पृष्ठभूमि

22 दिसंबर 2022 को प्रशासनिक आधार पर इरफान को कानपुर जेल से कड़ी सुरक्षा में महाराजगंज जेल शिफ्ट किया गया था। तब से वे वहीं बंद थे। अदालत में लंबे समय से सुनवाई चल रही थी और आखिरकार हाईकोर्ट ने उन्हें, उनके भाई रिज़वान सोलंकी और एक अन्य आरोपी को जमानत दी। इसके बाद ही उनकी रिहाई संभव हो पाई।

समर्थकों में जोश, ट्वीट से बढ़ी चर्चा

जेल से निकलने के बाद इरफान सोलंकी का तेवर समर्थकों में नया जोश भरता दिखा। उनके एक्स (पूर्व ट्विटर) पर किए गए पोस्ट – “स्वागत नहीं करोगे हमारा?” ने भी चर्चाओं को हवा दी। राजनीतिक हलकों में इसे इरफान की सक्रिय सियासत में संभावित वापसी का संकेत माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *