कांग्रेस का “वोट रक्षक अभियान”: फर्जी वोटरों की तलाश, प्रियंका की पहल या राहुल का ‘हाइड्रोजन बम’?
Bihar News Desk: कांग्रेस ने आगामी चुनावों से पहले “वोट चोरी” को मुद्दा बनाकर बड़ा अभियान छेड़ दिया है। पार्टी ने पांच लोकसभा क्षेत्रों – राजस्थान की जयपुर ग्रामीण और अलवर, मध्य प्रदेश की मुरैना, छत्तीसगढ़ की कांकेर और उत्तर प्रदेश की बांसगांव सीट – से “वोट रक्षक अभियान” की शुरुआत की है। ये वही सीटें हैं जहां 2024 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस मामूली अंतर से हार गई थी।
कैसे काम करेगा वोट रक्षक अभियान?
पार्टी ने हर 10 बूथ पर एक वोट रक्षक नियुक्त किया है। इन्हें बूथ लेवल एजेंट (BLA) के साथ मिलकर वोटर लिस्ट खंगालने की जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं को विशेष ट्रेनिंग दी है जिसमें वोटर लिस्ट से जुड़ी प्रक्रियाओं – फॉर्म 6 (नया वोटर), फॉर्म 7 (नाम हटाना/पता बदलना), फॉर्म 8 (विवरण सुधारना) – के बारे में बताया गया।
इन कार्यकर्ताओं को यह सिखाया गया कि फर्जी वोटर, डुप्लीकेट एंट्री या एक ही पते पर बल्क वोटर को कैसे पहचाना जाए।
प्रियंका गांधी की पहल और राहुल का आरोप
इस अभियान को प्रियंका गांधी की पहल माना जा रहा है। दरअसल, अगस्त में राहुल गांधी ने पहली बार आरोप लगाया था कि कर्नाटक के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में एक लाख से ज्यादा फर्जी वोटर पाए गए। उन्होंने कहा था कि इसी वजह से कांग्रेस बेंगलुरु सेंट्रल सीट 32 हज़ार वोटों से हार गई। इस बयान के बाद कांग्रेस ने कम अंतर से हारी हुई सीटों पर वोटर लिस्ट की जांच शुरू कर दी।
जयपुर में बड़े फर्जीवाड़े का दावा
जयपुर ग्रामीण सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार अनिल चोपड़ा केवल 1618 वोटों से हारे थे। उनका कहना है कि सात विधानसभा क्षेत्रों में वे आगे थे, लेकिन झोटवाड़ा विधानसभा में 80 हज़ार के अंतर से पीछे चले गए। अब कांग्रेस वहां सभी 384 बूथों पर वोटर लिस्ट खंगाल रही है और 38 वोट रक्षक नियुक्त किए गए हैं। अनिल चोपड़ा ने दावा किया है कि कई फर्जी एड्रेस और फर्जी वोटरों का भंडाफोड़ हो रहा है।
अन्य सीटों पर भी निगाह
- अलवर – हार का अंतर 48,282 वोट
- कांकेर – हार का अंतर 1,884 वोट
- मुरैना – हार का अंतर 52,530 वोट
- बांसगांव – हार का अंतर 3,150 वोट
इन सीटों पर भी कांग्रेस वोटर लिस्ट की गहराई से जांच कर रही है। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि अभी तक आधा ही काम पूरा हो पाया है।
पीएम मोदी की सीट भी रडार पर?
कांग्रेस के सूत्र बताते हैं कि पार्टी करीब 48 ऐसी सीटों की लिस्ट बना रही है जहां बीजेपी ने कम अंतर से जीत दर्ज की। चर्चा यह भी है कि इनमें वाराणसी (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सीट) भी शामिल है। राहुल गांधी ने वरिष्ठ नेताओं की बैठक में कहा कि आने वाले दिनों में वह “वोट चोरी” से जुड़ा ऐसा बड़ा खुलासा करेंगे जो हाइड्रोजन बम जैसा होगा।
news Journalist
