बिहार चुनाव 2025: जदयू ने केसरिया से शालिनी मिश्रा पर जताया भरोसा, फिर मिल सकती है टिकट
Bihar News Desk: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। जदयू ने एक बार फिर केसरिया सीट से अपनी मौजूदा विधायक शालिनी मिश्रा को उम्मीदवार बनाने का ऐलान कर दिया है। मोतिहारी के केसरिया में आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान जदयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री अशोक चौधरी ने यह घोषणा की। उन्होंने साफ कहा कि “शालिनी मिश्रा एनडीए की ओर से प्रत्याशी होंगी और इस बार भी केसरिया सीट हमारी ही होगी। हम 2010 से ज्यादा सीटें जीतने जा रहे हैं।”
सीट बंटवारे से पहले ही नाम का ऐलान
भले ही बिहार एनडीए में सीट शेयरिंग का फार्मूला पूरी तरह तय नहीं हुआ है, लेकिन जदयू ने अपने कई उम्मीदवारों के नाम पहले ही घोषित कर दिए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले ही राजपुर सीट के उम्मीदवार का नाम घोषित कर चुके हैं। अब केसरिया सीट से शालिनी मिश्रा को फिर से उतारकर जदयू ने कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाने का काम किया है।
चर्चाओं में रहती हैं शालिनी मिश्रा
शालिनी मिश्रा हमेशा से चर्चा में रही हैं। 2020 के विधानसभा चुनाव में उनके पोस्टर को लेकर विवाद हुआ था। उस समय उन्होंने अपने चुनावी प्रचार पोस्टर पर नीतीश कुमार की तस्वीर शामिल नहीं की थी और केवल नरेंद्र मोदी की फोटो लगाई थी। जदयू की उम्मीदवार होते हुए भी उनके इस कदम ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं।
2024 में फ्लोर टेस्ट के दौरान भी वे चर्चा में आईं, जब कई विधायकों से पार्टी का संपर्क नहीं हो पा रहा था। उस वक्त शालिनी मिश्रा भी संपर्क से बाहर थीं। बाद में उन्होंने सफाई दी कि वे कुछ मेहमानों की अगवानी करने गई थीं।
राजनीतिक पृष्ठभूमि
राजनीति शालिनी मिश्रा को विरासत में मिली है। 2020 से पहले वे सीपीआई से जुड़ी हुई थीं। उनके पिता भी सीपीआई से तीन बार सांसद रह चुके हैं और केसरिया से विधायक भी रहे। 2020 के चुनाव में शालिनी मिश्रा ने राजद प्रत्याशी संतोष कुशवाहा को 9775 वोटों से हराकर जीत हासिल की थी।
एनडीए का आत्मविश्वास
अशोक चौधरी का दावा है कि एनडीए इस बार बिहार में 2010 से भी अधिक सीटें जीतकर नई कहानी लिखेगा। जदयू ने उम्मीदवारों का नाम समय से पहले घोषित कर विपक्ष को रणनीतिक तौर पर चुनौती देने की शुरुआत कर दी है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
