कॉमन मैन को ध्यान में रखकर जीएसटी में बड़ा बदलाव: वित्त मंत्री, पीएम मोदी ने दी बधाई
Central News Desk: भारत सरकार ने आम जनता और मध्यम वर्ग को बड़ी राहत देते हुए जीएसटी (GST) की दरों में बड़े बदलाव का ऐलान किया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 8–10 महीने से लगातार कह रहे थे कि “कॉमन मैन को जीएसटी में राहत दी जाए।” उसी दिशा में आज यह ऐतिहासिक फैसला लिया गया।
28% से 18% स्लैब में शिफ्ट
वित्त मंत्री ने बताया कि अब 28 प्रतिशत वाले जीएसटी स्लैब को घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। इससे सबसे ज्यादा फायदा मध्यम वर्ग के परिवारों को होगा। अब सभी टीवी की खरीद पर सिर्फ 18% जीएसटी देना होगा। थ्री व्हीलर, छोटी कारें और सभी ऑटो पार्ट्स भी 18% टैक्स के दायरे में आ गए हैं। पहले की तुलना में यह सीधा-सीधा आम परिवार के बजट को राहत देगा।

जरूरी चीजों पर जीरो टैक्स
सीतारमण ने कहा कि कॉमन मैन की जरूरत के सामान को खास तौर पर राहत दी गई है। पाउडर दूध और पिज्जा ब्रेड पर अब जीरो टैक्स लगेगा। खाद पर 18% की जगह 5% टैक्स लगेगा। खाने के तेल पर सिर्फ 5% जीएसटी लगेगा।
पैकेज्ड और ग्रॉसरी प्रोडक्ट्स पर राहत
सरकार ने कई रोजमर्रा की चीजों को सस्ता कर दिया है:
- पैकेट वाला छेना-पनीर – जीएसटी खत्म
- ड्राई फ्रूट – 12% से घटकर 5%
- खजूर और संतरा – 12% से घटकर 5%
- कोकोआ चॉकलेट – 18% से घटकर 5%
- आम और अमरूद – सिर्फ 5%
- आइसक्रीम – घटकर 5%
- शुगर क्यूब्स – 12% से घटकर 5%
महंगी हुई कोल्ड ड्रिंक
जहां कई चीजें सस्ती हुईं, वहीं सरकार ने कोल्ड ड्रिंक पर टैक्स बढ़ाकर 40% कर दिया है। वित्त मंत्री के मुताबिक, इसका मकसद अनहेल्दी ड्रिंक की खपत को नियंत्रित करना और राजस्व को संतुलित करना है।
पीएम मोदी का बयान
प्रधानमंत्री मोदी ने इस फैसले पर खुशी जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा:
“स्वतंत्रता दिवस भाषण में मैंने जीएसटी सुधारों की बात की थी। केंद्र और राज्यों ने मिलकर दरों को कम करने और प्रक्रियागत सुधार लाने पर सहमति बनाई है। इससे कॉमन मैन, किसान, एमएसएमई, मध्यम वर्ग, महिलाएं और युवा सभी को फायदा होगा। यह बदलाव छोटे व्यापारियों के लिए Ease of Doing Business को आसान बनाएंगे और अर्थव्यवस्था को मजबूती देंगे।”
news Journalist
