कानपुर देहात: चार साल बाद भी भजनपुर की सड़क अधूरी, जनता के सब्र का इम्तिहान
Central News Desk: कानपुर देहात जिले के भजनपुर गांव की जनता बीते चार साल से सड़क निर्माण का इंतजार कर रही है, लेकिन प्रशासन और नेताओं के तमाम आश्वासनों के बावजूद सड़क अब तक अधूरी पड़ी है। आश्चर्य की बात यह है कि यह मामला कैबिनेट मंत्री और सांसद के क्षेत्र का है, फिर भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य विकास अधिकारी और लेखपाल की तैनाती से भी कोई राहत नहीं मिली। यहां तक कि नवनीत सचान की चार साल की मौजूदगी भी सड़क का काम शुरू नहीं करा पाई। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान ओमकार यादव और उनके करीबी लोगों के अवैध कब्जों ने सड़क निर्माण में बड़ी बाधा खड़ी कर दी है।
गांववालों का दर्द और बढ़ गया है क्योंकि मोहम्मदपुर से आने वाला गंदा पानी भजनपुर की सड़क पर छोड़ा जा रहा है, जिससे लोगों को जलभराव और गंदगी की समस्या झेलनी पड़ रही है। सड़क निर्माण में देरी से जनता विस्थापन, बीमारी और दुश्वारियों से परेशान है।
लोगों का कहना है कि चार साल में उन्होंने अधिकारियों को पत्र लिखे, मीडिया में मुद्दा उठाया और नेताओं से मदद मांगी, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। नतीजा यह है कि भजनपुर की सड़क अब भी अधूरी है।
गांव की जनता सवाल कर रही है कि आखिर सड़क से बड़ी राजनीति कौन-सी है, जिसके चलते विकास कार्य ठप पड़े हैं? नेताओं और अधिकारियों की भूमिका पर अब गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
news Journalist
