भारत के सबसे अमीर और गरीब मुख्यमंत्री कौन? ADR की रिपोर्ट ने खोले चौंकाने वाले राज
Central News Desk: देश में राजनीति और संपत्ति का रिश्ता हमेशा से चर्चा का विषय रहा है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की ताज़ा रिपोर्ट ने मौजूदा 30 मुख्यमंत्रियों की घोषित संपत्ति का खुलासा किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सभी सीएम की कुल घोषित संपत्ति 1,632 करोड़ रुपए है। औसतन एक मुख्यमंत्री के पास 54.42 करोड़ रुपए की संपत्ति है। लेकिन यह तस्वीर बेहद असमान है — किसी के पास अरबों की संपत्ति है तो कोई लाखों में गिनती करता है।

सबसे अमीर सीएम: चंद्रबाबू नायडू
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू इस सूची में सबसे ऊपर हैं। उनकी घोषित संपत्ति 931 करोड़ रुपए से अधिक है। नायडू की पत्नी नारा भुवनेश्वरी और बहू नारा ब्रह्माणी हेरिटेज फूड्स लिमिटेड कंपनी चलाती हैं, जिसे नायडू ने 1992 में दूध की कमी दूर करने के लिए शुरू किया था।

दूसरे नंबर पर पेमा खांडू
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू की संपत्ति 332 करोड़ रुपए से अधिक है। कारोबारी हिस्सेदारी और निवेश के कारण वे देश के दूसरे सबसे अमीर सीएम हैं। नायडू और खांडू दोनों ही अरबपति मुख्यमंत्री हैं।

तीसरे स्थान पर सिद्धारमैया
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की घोषित संपत्ति 51 करोड़ रुपए है। हालांकि उनकी संपत्ति पहले दो सीएम से काफी कम है, लेकिन फिर भी वे कई अन्य मुख्यमंत्रियों से ज्यादा अमीर हैं।

सबसे गरीब सीएम: ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मात्र 15.38 लाख रुपए की संपत्ति के साथ देश की सबसे गरीब सीएम हैं। उनके बाद जम्मू-कश्मीर के उमर अब्दुल्ला (55.24 लाख) और केरल के पिनाराई विजयन (1.18 करोड़) का नाम आता है।
कम संपत्ति वाले अन्य सीएम
छत्तीसगढ़: विष्णु देव साय – 3.80 करोड़
राजस्थान: भजन लाल शर्मा – 1.46 करोड़
उत्तर प्रदेश: योगी आदित्यनाथ – 1.54 करोड़
बिहार: नीतीश कुमार – 1.64 करोड़
पंजाब: भगवंत मान – 1.97 करोड़
ओडिशा: मोहन चरण माझी – 1.97 करोड़
सीएम की शिक्षा और उम्र
ADR रिपोर्ट के मुताबिक:
- 9 सीएम स्नातक, 6 प्रोफेशनल ग्रेजुएट, 9 पोस्ट ग्रेजुएट, 2 डॉक्टरेट, 1 डिप्लोमा होल्डर, 3 बारहवीं पास और 1 दसवीं पास हैं।
- उम्र के लिहाज से 8 सीएम 41-50 वर्ष, 12 सीएम 51-60 वर्ष, 4 सीएम 61-70 वर्ष और 6 सीएम 71-80 वर्ष के बीच हैं।

महिला सीएम की संख्या बेहद कम
30 मुख्यमंत्रियों में सिर्फ 2 महिलाएं हैं — पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी और दिल्ली की रेखा गुप्ता
आपराधिक मामले भी उजागर
रिपोर्ट के मुताबिक, 12 मुख्यमंत्रियों ने अपने ऊपर आपराधिक मामले घोषित किए हैं। इससे साफ है कि राजनीति में धन, शिक्षा और अपराध का असमान संतुलन अब भी बरकरार है।
यह रिपोर्ट एक बार फिर दिखाती है कि भारत में नेताओं की आर्थिक स्थिति आम जनता से कितनी अलग है। कोई मुख्यमंत्री अरबपति है तो कोई लाखों में गुजारा करता है।
news Journalist
