बिहार शिक्षक भर्ती घोटाला: बिना STET पास किए अभ्यर्थी बना BPSC टीचर, खुलासे के बाद बर्खास्त
Bihar News Desk: बिहार के शिक्षा विभाग में एक बार फिर से बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। अररिया जिले में जांच के दौरान पता चला कि एक अभ्यर्थी ने STET पास किए बिना ही BPSC के जरिए शिक्षक की नौकरी हासिल कर ली और कई दिनों तक सेवा भी दी। मामला सामने आते ही विभाग में हड़कंप मच गया और संबंधित शिक्षक को तुरंत बर्खास्त कर दिया गया।
कैसे हुआ खुलासा?
आरोपी अभ्यर्थी शैलेश मिश्रा को BPSC टीआरई-2 के तहत कुर्साकांटा प्रखंड के उमावि चिकनी विद्यालय में भौतिकी (कक्षा 11-12) के शिक्षक पद पर नियुक्त किया गया था। जांच में पाया गया कि STET 2023 परीक्षा में उन्हें 74 अंक मिले थे और स्पष्ट रूप से “Not Qualified” लिखा हुआ था।इसके बावजूद उन्हें नियुक्ति पत्र जारी कर दिया गया और उन्होंने विद्यालय में योगदान भी दे दिया।

जांच और कार्रवाई
शैक्षणिक व प्रशैक्षणिक प्रमाणपत्रों की दोबारा जांच में ये मामला सामने आया डीपीओ ने स्पष्टीकरण मांगा, जिसमें अभ्यर्थी ने खुद स्वीकार किया कि वह विभागीय अधिसूचना के अनुसार पात्र नहीं है। इसके बाद डीईओ संजय कुमार ने आदेश जारी कर उनकी सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी।
नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल
यह मामला BPSC विज्ञापन संख्या 27/2023 के तहत हुई नियुक्ति प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करता है। योग्य उम्मीदवारों को दरकिनार कर अपात्र को नियुक्त किया जाना शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाता है।
news Journalist
